इंदौर: चलती ट्रेन पकड़ने की कोशिश में युवक की मौत, प्लेटफॉर्म बदलते समय फिसला, मौके पर ही गई जान

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर: चलती ट्रेन पकड़ने की कोशिश में युवक की मौत, प्लेटफॉर्म बदलते समय फिसला, मौके पर ही गई जान


इंदौर, 10 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुई। प्लेटफॉर्म बदलते समय ट्रेन पकड़ने के प्रयास में उसका पैर फिसल गया और वह ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

रेलवे पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान ग्वालियर के सुनार मोहल्ला निवासी हर्ष गुप्ता के रूप में हुई है। वह सुबह करीब साढ़े नौ बजे ग्वालियर से ओवरनाइट एक्सप्रेस से इंदौर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर उतरा था। इसके बाद उसे रतलाम जाने के लिए प्लेटफॉर्म नंबर-1 से डेमू ट्रेन पकड़नी थी। पुलिस के अनुसार प्लेटफॉर्म बदलने के दौरान हर्ष ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वह ट्रेन के नीचे आ गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।

व्यापारिक कार्य से आया था इंदौर

पुलिस के अनुसार हर्ष गुप्ता व्यापारिक कार्य से इंदौर आया था। सूचना मिलने पर शहर में रहने वाले उसके रिश्तेदार रेलवे स्टेशन पहुंच गए, जबकि ग्वालियर से परिजन भी इंदौर के लिए रवाना हो गए हैं। रेलवे पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास माना जा रहा है। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का जोखिम न उठाएं, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story