इंदौर में सेव वॉटर थीम पर सजाए सार्वजनिक टॉयलेट, शुरू हुआ बकेट चैलेंज, वर्ल्ड टॉयलेट डे पर सफाई मित्रों का सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में सेव वॉटर थीम पर सजाए सार्वजनिक टॉयलेट, शुरू हुआ बकेट चैलेंज, वर्ल्ड टॉयलेट डे पर सफाई मित्रों का सम्मान


इंदौर में सेव वॉटर थीम पर सजाए सार्वजनिक टॉयलेट, शुरू हुआ बकेट चैलेंज, वर्ल्ड टॉयलेट डे पर सफाई मित्रों का सम्मान


इंदौर, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में वर्ल्ड टॉयलेट डे पर गुरुवार को स्वच्छता के साथ जल संरक्षण का संदेश देने के लिए नगर निगम ने विशेष आयोजन किया। अन्नपूर्णा रोड स्थित चाणक्यपुरी चौराहे पर सार्वजनिक टॉयलेट को सेव वॉटर थीम पर सजाया गया। कहीं गुब्बारों और फूलों से सजावट की गई तो कहीं रंग-बिरंगी छतरियों के जरिए परिसर को आकर्षक रूप दिया गया। आयोजन में महापौर पुष्यमित्र भार्गव, एमआईसी सदस्य और निगम के अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान सफाई मित्रों और टॉयलेट के केयरटेकर का अभिनंदन किया गया। साथ ही पानी की बचत के लिए इंदौर बकेट चैलेंज और जलजागरण रथ की शुरुआत की गई।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि हर साल की तरह इस बार भी शहर के सार्वजनिक टॉयलेट का मूल्यांकन किया गया और उनकी देखरेख करने वाले सफाई मित्रों का सम्मान किया गया। उन्होंने कहा कि सफाई मित्रों की मेहनत से इंदौर खुले में शौच मुक्त शहर बना है। सार्वजनिक शौचालयों की स्वच्छता और बेहतर रखरखाव में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। जल संरक्षण के लिए शुरू किए गए बकेट चैलेंज के तहत नागरिकों से शॉवर के बजाय बाल्टी और मग से नहाने की अपील की गई है। महापौर ने कहा कि गर्मी के मौसम की तैयारी के मद्देनजर पानी की बचत जरूरी है। यह चैलेंज शहरभर के लोगों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि रोजमर्रा की आदतों में छोटे बदलाव कर पानी की खपत कम की जा सके।

हस्ताक्षर अभियान से लिया जल संरक्षण का संकल्प

कार्यक्रम में लोगों ने हाथों में पानी बचाने के संदेश लिखी तख्तियां लेकर जागरूकता अभियान में भाग लिया। जल संरक्षण संकल्प के लिए हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें महापौर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने हिस्सा लिया। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने और खुले में गंदगी फैलाने के बजाय सार्वजनिक शौचालयों का उपयोग करने का संदेश दिया गया। आयोजन में सामाजिक संगठनों और स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी छात्राओं ने भी पोस्टर के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।

यशवंत सागर भरने की अनुमति, बिलावली का सर्वे जारी

महापौर भार्गव ने बताया कि जल संरक्षण अभियान के तहत जल जागरण रथ भी शुरू किया गया है। सेव वॉटर थीम पर सजाया गया यह रथ शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में घूमकर नागरिकों को पानी बचाने के लिए जागरूक करेगा। उन्होंने कहा कि यशवंत सागर को भरने की अनुमति मिल चुकी है। शहर में लगातार 30 एमएलडी पानी की सप्लाई होती रहेगी। वहीं, बिलावली तालाब को भरने की संभावनाओं को लेकर सर्वे किया जा रहा है। महापौर ने नागरिकों से बोरिंग के पानी का भी जरूरत के मुताबिक सदुपयोग करने की अपील की। उनका कहना है कि जलस्रोतों का संरक्षण और पानी का सीमित उपयोग ही भविष्य में उपलब्धता बनाए रखने में मददगार होगा।

शहरभर के सार्वजनिक टॉयलेट में हुआ आयोजन

अपर आयुक्त प्रखर सिंह ने बताया कि वर्ल्ड टॉयलेट डे पर शहर के सभी सार्वजनिक टॉयलेट को सजाकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य आयोजन चाणक्यपुरी चौराहे पर हुआ, जहां सार्वजनिक शौचालयों के केयरटेकर भी मौजूद रहे। टॉयलेट को सेव वॉटर थीम पर सजाने के साथ ही यहां से बकेट चैलेंज और जलजागरण रथ अभियान की शुरुआत की गई। रथ के माध्यम से शहर के अलग-अलग इलाकों में स्वच्छता और जल संरक्षण का संदेश पहुंचाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779687 Articles

Share this story