इंदौर में जल संकट के बीच महापौर सचिवालय धुलने का वीडियो वायरल, कांग्रेस ने साधा निशाना

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में जल संकट के बीच महापौर सचिवालय धुलने का वीडियो वायरल, कांग्रेस ने साधा निशाना


इंदौर, 27 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में जारी जल संकट के बीच महापौर सचिवालय की धुलाई का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो कांग्रेस द्वारा जारी किया गया, जिसके बाद इसे लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

कांग्रेस ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज इंडियन नेशनल कांग्रेस मध्य प्रदेश पर वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि “इंदौर की जनता बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रही है और महापौर अपना सचिवालय पानी से धुलवा रहे हैं।” वीडियो में एक कर्मचारी प्रेशर पाइप से महापौर सचिवालय के बाहरी हिस्से की सफाई करता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने जल संकट के बीच पानी के उपयोग पर सवाल उठाए, जबकि कुछ ने इसे सामान्य सफाई व्यवस्था बताया।

वीडियो बनाने को लेकर कहासुनी

जब सचिवालय परिसर में सफाई की जा रही थी, उसी दौरान किसी व्यक्ति ने वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया। इसे लेकर सफाई कर्मचारी और वीडियो बनाने वाले व्यक्ति के बीच बहस भी हुई। वीडियो में कर्मचारी यह पूछता सुनाई देता है कि रिकॉर्डिंग क्यों की जा रही है।

ड्रेनेज लाइन सफाई का बताया गया मामला

नगर निगम सूत्रों के मुताबिक, वीडियो बुधवार का ही है। सचिवालय में ड्रेनेज लाइन की सफाई के लिए टैंकर बुलाया गया था। प्रेशर पाइप से लाइन साफ करने के बाद बाहर फैली गंदगी को भी उसी पानी से धोया गया। दावा किया जा रहा है कि उपयोग किया गया पानी ट्रीटेड था।

महापौर का पलटवार

वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कांग्रेस पर “ओछी राजनीति” करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “मुझे विश्वास नहीं हो रहा कि कांग्रेस इतने हल्के स्तर की राजनीति कर रही है।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story