इंदौर में छात्रों के दो गुटों में हिंसक झड़प, चाकूबाजी से मचा हड़कंप

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में छात्रों के दो गुटों में हिंसक झड़प, चाकूबाजी से मचा हड़कंप


इंदौर, 10 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर के खंडवा रोड स्थित चमेली देवी कॉलेज के बाहर शुक्रवार को छात्रों के दो गुटों के बीच मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। पहले कहासुनी से शुरू हुआ मामला देखते ही देखते मारपीट और चाकूबाजी तक पहुंच गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों गुटों के बीच पहले से ही रंजिश चली आ रही थी। शुक्रवार को इसी तनाव के चलते फिर विवाद हुआ और कुछ ही देर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि छात्रों ने लात-घूंसे चलाने के साथ धारदार हथियार भी निकाल लिए। इस झड़प में कई छात्र घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया।

थाना प्रभारी देवेन्द्र मरकाम के मुताबिक, हमले में एक छात्र गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि कॉलेज के अंदर शुरू हुई कहासुनी बाद में बाहर आकर हिंसक झगड़े में बदल गई। पुलिस ने कहा है कि घायल छात्र के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story