इंदौरः मंत्री सिलावट ने बेमौसम बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे करने के दिए निर्देश
- मंत्री सिलावट ने क्षेत्र में पहुंचकर फसलों की स्थिति का लिया जायजा
इंदौर, 21 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने बेमौसम बारिश एवं तेज हवाओं से प्रभावित सांवेर विधानसभा क्षेत्र के गांवों में गेहूं की फसल के नुकसान का त्वरित और निष्पक्ष सर्वे कर पात्र किसानों को शीघ्र मुआवजा प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
मंत्री सिलावट ने शनिवार को क्षेत्र में पहुंचकर फसलों की स्थिति का जायजा लिया और किसानों से चर्चा की। उन्होंने कलेक्टर शिवम वर्मा को निर्देशित किया कि सभी प्रभावित गांवों में सर्वे कार्य प्राथमिकता से पूर्ण कर प्रतिवेदन शासन को भेजा जाए, ताकि किसानों को समय पर राहत मिल सके। साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत बीमित किसानों को नियमानुसार बीमा लाभ दिलाने के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।
उल्लेखनीय है कि गत दिनों बेमौसम बारिश एवं तेज हवाओं के कारण सांवेर विधानसभा क्षेत्र के कजलाना, बड़ोदिया खान, दर्जी कराड़िया, बालौदा टाकून, पोटलोद, चंद्रावतीगंज, पाल कांकरिया, रतनखेड़ी, बसान्द्रा, बीबीखेड़ी, खामोद आंजना, नाहरखेड़ा सहित आसपास के गांवों में अनेक स्थानों पर तैयार फसल खेतों में आड़ी (गिर) गई है, जिससे उत्पादन प्रभावित होने की संभावना है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मंत्री सिलावट ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर गांव-गांव पहुंचकर खेतों में फसल की स्थिति का निरीक्षण किया तथा किसानों से चर्चा कर नुकसान की जानकारी ली। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रभावित किसानों के साथ है और उन्हें शीघ्र समुचित राहत प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्री सिलावट ने कहा कि किसान हितैषी सरकार किसानों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी पात्र किसान को राहत से वंचित न रहना पड़े।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

