इंदौर से उज्जैन जा रही यात्री बस डंपर से टकराई, गधा टेकरी के पास हुआ हादसा, 7 यात्री घायल

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर से उज्जैन जा रही यात्री बस डंपर से टकराई, गधा टेकरी के पास हुआ हादसा, 7 यात्री घायल


इंदौर, 28 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के नावदा पंथ क्षेत्र में रविवार सुबह एक सड़क हादसे में इंदौर से उज्जैन जा रही यात्री बस आगे चल रहे डंपर से टकरा गई। हादसा गधा टेकरी के पास हुआ, जिसमें बस में सवार सात यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तिलक नगर थाना प्रभारी तिलक करोले ने बताया कि हादसा रविवार सुबह गधा टेकरी के पास हुआ। इंदौर से उज्जैन जा रही यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर चल रहे डंपर से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में बैठे कई यात्रियों को चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे में प्रकाश पुत्र मांगीलाल, शोभा, भूपेंद्र पुत्र मोतीलाल, रितू, दिलीप पुत्र बंशीलाल, घनश्याम नाथ और दिनेश घायल हुए हैं। सभी घायल इंदौर निवासी बताए जा रहे हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

बस चालक ने पुलिस को बताया कि बस के ब्रेक अचानक फेल हो गए थे, जिसके कारण वाहन समय पर नहीं रुक सका और आगे चल रहे डंपर से टकरा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और चालक के बयान सहित हादसे के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। तकनीकी जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story