इंदौर में सड़क से गुजर रहे वाहनाें पर गिरा भारी पेड़, डिप्टी कलेक्टर की मां की मौत, डेढ़ घंटे तक कार में फंसी रही महिला

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में सड़क से गुजर रहे वाहनाें पर गिरा भारी पेड़, डिप्टी कलेक्टर की मां की मौत, डेढ़ घंटे तक कार में फंसी रही महिला


इंदौर, 07 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में सोमवार शाम बारिश के दौरान सेंट्रल जेल के सामने बड़ा हादसा हो गया। यहां सड़क से गुजर रहे वाहनाें पर अचानक भारी-भरकम पेड़ गिर गया। इस दुर्घटना में डिप्टी कलेक्टर पूर्णिमा सिंघी की मां की मौत हो गई और दाे लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस दर्दनाक हादसे में कार सवार 75 वर्षीय राधा देवी सिंगी की मौत हो गई, जबकि उनके पोते प्रखर सिंगी (25) और पारिवारिक मित्र वैशाली जायसवाल (55) घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए गोकुलदास अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राधा देवी सिंगी डिप्टी कलेक्टर पूर्णिमा सिंगी की मां थीं। बताया गया है कि वह मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराने के बाद पोते और पारिवारिक मित्र के साथ घर लौट रही थीं। इसी दौरान सेंट्रल जेल के सामने यह हादसा हुआ। पेड़ गिरने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और राधा देवी उसमें फंस गईं। उन्हें करीब डेढ़ घंटे बाद बाहर निकाला जा सका।

सूचना मिलते ही प्रशासन ने शुरू कराया रेस्क्यूहादसे के समय डिप्टी कलेक्टर पूर्णिमा सिंगी नर्मदा घाटी विभाग की बैठक में थीं। घटना की जानकारी मिलते ही कमिश्नर भास्कर लक्ष्यकार ने बैठक निरस्त कर अधिकारियों को मौके पर भेजा। पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत-बचाव कार्य शुरू किया। लगभग डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद महिला को कार से बाहर निकाला गया। पुलिस के मुताबिक, हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई थीं। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घायलों का अस्पताल में इलाज जारीएसीपी विनोद दीक्षित के मुताबिक, राधा देवी के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे में घायल प्रखर सिंगी और वैशाली जायसवाल का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। पेड़ गिरने के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ। राहत दल ने पेड़ और क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर रास्ता साफ कराया। प्रशासन की टीम ने मौके पर स्थिति का जायजा लिया।

इंदौर में इस मानसून 22 इंच बारिशइंदौर में इस मानसून सीजन में अब तक करीब 22 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल कोई प्रभावी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। स्थानीय स्तर पर सिस्टम बनने पर कुछ समय के लिए बारिश हो सकती है। आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story