इंदौरः महू में कार में लगी आग लगने से 4 वर्षीय मासूम की जिंदा जलकर मौत

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः महू में कार में लगी आग लगने से 4 वर्षीय मासूम की जिंदा जलकर मौत


इंदौर (महू), 28 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर जिले के महू में सिमरोल थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसे में चार वर्षीय मासूम की कार में जिंदा जलने से मौत हो गई। बच्चा अपने पिता के साथ वर्किंग साइट पर गया था। पिता कार के बाहर थे, कुछ काम करवा रहे थे तभी कार में आग लग गई। यह आग इतनी भीषण थी कि, पूरी कार जलकर खाक हो गई।

जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चे की पहचान चिराग के रूप में हुई है, जो अपने पिता संजय बढ़िया के साथ इंदौर-खंडवा रोड स्थित सेल सिटी के पास गया था। संजय, जो पेशे से मैकेनिक हैं, सड़क किनारे खड़ी गाड़ी के बाहर डीजे से संबंधित कार्य में व्यस्त थे, जबकि चिराग कार के भीतर बैठा हुआ था। इसी दौरान अचानक कार से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही क्षणों में पूरी कार आग की चपेट में आ गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटों की तीव्रता के कारण कोई भी वाहन के पास नहीं जा सका।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। पुलिस और दमकल की टीम ने मिलकर आग बुझाई तो कार के अंदर बच्चे का जला हुआ शव मिला। सिमरोल थाना प्रभारी कुलदीप खत्री के अनुसार, टीम के पहुंचने से पहले ही बच्चे की मौत हो चुकी थी। बाद में कार के शीशे तोड़कर शव को बाहर निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले कार से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। लोगों ने हर संभव प्रयास किया, लेकिन मासूम को बचाया नहीं जा सका।

प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए महू सिविल अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस हादसे के बाद पिता का रो-रोकर बुरा हाल है और वे गहरे सदमे में हैं। फिलहाल वह बात करने की हालत में नहीं हैं। घटना ने न केवल परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story