इंदौर में टेम्पो ट्रैवलर लेकर भागा युवक, लोडिंग रिक्शा-बाइक को मारी टक्कर

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में टेम्पो ट्रैवलर लेकर भागा युवक, लोडिंग रिक्शा-बाइक को मारी टक्कर


इंदौर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के सयाजी होटल के बाहर खड़ी चाबी लगी टेम्पो ट्रैवलर लेकर निकले युवक ने मंगलवार सुबह शहर में कई वाहनों को टक्कर मार दी। हीरानगर क्षेत्र में लोडिंग रिक्शा को टक्कर मारने के बाद वह बाणगंगा पहुंचा, जहां बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद ट्रैवलर बिजली के पोल से टकरा गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक समेत हादसे में घायल लोगों को उपचार के लिए एमवाय अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक जानकारी में चालक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात सामने आई है। पुलिस वाहन ले जाने से लेकर दुर्घटनाओं तक के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

एडिशनल डीसीपी ओमप्रकाश के मुताबिक, घटना मंगलवार सुबह करीब 11 बजे की है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सयाजी होटल के पास खड़ी टेम्पो ट्रैवलर में चाबी लगी थी। एक युवक वाहन लेकर वहां से निकल गया। इसके बाद वह तेज गति से हीरानगर क्षेत्र में कर्णावत पान कॉर्नर के सामने पहुंचा और लोडिंग रिक्शा को टक्कर मार दी। लोडिंग रिक्शा को टक्कर मारने के बाद युवक वाहन लेकर बाणगंगा की ओर निकल गया। यहां उसने बाइक सवार को टक्कर मारी और कुछ दूरी पर बिजली के पोल से जा टकराया। लगातार हुए हादसों से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

दो किलोमीटर पीछा कर पकड़ा, चालक की पिटाई

वाहन से टक्कर मारने की घटनाओं के बाद लोगों ने करीब दो किलोमीटर तक उसका पीछा किया। बाणगंगा क्षेत्र में ट्रैवलर के रुकते ही लोगों ने चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को अस्पताल भिजवाया। हादसे में खातीपुरा निवासी इंद्रपाल सहित दो लोग घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल टेम्पो ट्रैवलर, लोडिंग रिक्शा और बाइक जब्त कर ली हैं। मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760284 Articles

Share this story