इंदौर में तेज रफ्तार कार ने ऑटो को मारी टक्कर, ऑटो चालक घायल, गुस्साई भीड़ ने कार में की तोड़फोड़

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में तेज रफ्तार कार ने ऑटो को मारी टक्कर, ऑटो चालक घायल, गुस्साई भीड़ ने कार में की तोड़फोड़


इंदौर, 12 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर के बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित भागीरथपुरा के एमआर-4 रोड पर रविवार को एक तेज रफ्तार कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक घायल हो गया, जबकि ऑटो में सवार अन्य यात्रियों को भी चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आक्रोश में कार पर पथराव कर तोड़फोड़ कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, ऑटो चालक विशाल भागवत तीन सवारियों को लेकर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और गुस्से में कार पर पथराव कर दिया। इस दौरान कार को नुकसान पहुंचा। बताया जा रहा है कि कार चालक मौके पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस की एफआरवी टीम मौके पर पहुंची और घायल ऑटो चालक को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। ऑटो में सवार अन्य घायलों ने भी अलग अस्पताल में इलाज कराया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, अन्य घायलों की स्थिति और दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story