इंदौरः संकल्प से समाधान अभियान के तहत आज लगेंगे विशेष स्वास्थ्य शिविर

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः संकल्प से समाधान अभियान के तहत आज लगेंगे विशेष स्वास्थ्य शिविर


- नागरिकों का होगा नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार

इंदौर, 25 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश में संचालित “संकल्प से समाधान” अभियान के तहत इंदौर जिले में आज बुधवार को पांच प्रमुख अस्पतालों में विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में चिन्हित मरीजों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार सुनिश्चित किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने बताया कि यह विशेष स्वास्थ्य शिविर प्रातः 10 बजे से श्री अरविंदो हॉस्पिटल, सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल (एमजीएम), बॉम्बे हॉस्पिटल, चोइथराम हॉस्पिटल एवं इंडेक्स मेडिकल कॉलेज में आयोजित होंगे। इनमें चिन्हित मरीजों—विशेषकर हृदय रोग, कैंसर, उच्च रक्तचाप सहित अन्य गंभीर और अन्य असंक्रामक बीमारियों से पीड़ित मरीजों के लिए जांच एवं उपचार की व्यवस्था की गई है। शिविरों में संबंधित संस्थानों के विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थित रहकर मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक उपचार प्रदान करेंगे।

जिला प्रशासन द्वारा चिन्हित मरीजों को शिविर स्थल तक लाने एवं वापस पहुंचाने की समुचित व्यवस्था की जाएगी। वहीं मरीजों की पहचान कर उन्हें शिविर तक एकत्रित करने की जिम्मेदारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा एमवाय अस्पताल के अधीक्षक को सौंपी गई है। इस अभियान के माध्यम से जिले में गंभीर बीमारियों से ग्रसित मरीजों को समय पर विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे उनके स्वास्थ्य में सुधार सुनिश्चित हो। उल्लेखनीय है कि संकल्प से समाधान अभियान के तहत गाँव-गाँव और विकासखण्ड स्तर पर शिविर में आयोजित किए गए। इनमें स्वास्थ्य विभाग के अमले ने मरीजों का चिन्हांकन किया। इन चिन्हित मरीजों को इंदौर लाकर उपचार सुनिश्चित कराया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story