इंदौर में साड़ी वॉकथॉन के जरिए स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त शहर का संकल्प, महापौर भी हुए शामिल
इंदौर, 01 मार्च (हि.स.)। विश्व महिला दिवस के उपलक्ष्य में देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में रविवार सुबह रंग, संस्कृति और जागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला। साड़ी में सजी 500 से अधिक महिलाओं ने सड़कों पर कदमताल करते हुए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त शहर का संदेश दिया।
यह साड़ी वॉकथॉन नेहरू स्टेडियम से शुरू होकर डेली कॉलेज मार्ग से होते हुए पुनः स्टेडियम परिसर में संपन्न हुई। आयोजन इंदौर नगर निगम और द वर्ल्ड फिटनेस के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। कार्यक्रम में महापौर पुष्यमित्र भार्गव और स्वास्थ्य प्रभारी अश्विनी शुक्ल भी शामिल हुए।
स्वच्छता और महिला शक्ति का संगम
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर को लगातार स्वच्छता में नंबर-वन बनाए रखने में महिलाओं की भूमिका सबसे अहम रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनभागीदारी और महिला शक्ति के दम पर इंदौर इस बार भी नौवीं बार स्वच्छता में शीर्ष स्थान हासिल करेगा। उन्होंने नागरिकों से सिंगल-यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करने, कपड़े के थैले अपनाने और “ट्रिपल आर” (Reduce, Reuse, Recycle) की भावना के साथ जीवनशैली में बदलाव लाने की अपील की। साथ ही ‘वेस्ट टू बेस्ट’ अभियान से जुड़कर अनुपयोगी वस्तुओं को आरआरआर सेंटर पर जमा करने का आह्वान किया।
साड़ी में संस्कृति, कदमों में संदेश
वॉकथॉन में शामिल प्रतिभागी प्राची अग्रवाल ने कहा कि साड़ी भारतीय संस्कृति और संस्कारों का प्रतीक है। इस परिधान के जरिए दिया गया स्वच्छता का संदेश समाज पर सकारात्मक प्रभाव डालता है। नगर निगम का मानना है कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि जन-आंदोलन है। घरों में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग कर देना, प्लास्टिक से परहेज और पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाना—इन्हीं छोटी-छोटी आदतों ने इंदौर को स्वच्छता की पहचान दिलाई है। यह साड़ी वॉकथॉन महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता का सशक्त प्रतीक बनकर उभरी, जहां परंपरा और प्रगति ने एक साथ कदम बढ़ाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

