इंदौर: सफाई मित्रों से मिलने सड़क पर उतरे महापौर पुष्यमित्र भार्गव, वाल्मीकि बस्तियों में पहुंचे

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर: सफाई मित्रों से मिलने सड़क पर उतरे महापौर पुष्यमित्र भार्गव, वाल्मीकि बस्तियों में पहुंचे


इंदौर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। इंदौर शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने महापौर पुष्यमित्र भार्गव गुरुवार सुबह वाल्मीकि बस्तियों में पहुंचे और सफाई मित्रों से मुलाकात की। उन्होंने सफाई मित्रों के काम, दिनचर्या और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। पिछले कुछ दिनों से विभिन्न मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों के प्रदर्शन और हड़ताल की घोषणा के बीच महापौर का यह दौरा अहम माना जा रहा है।

महापौर ने कहा कि इंदौर की स्वच्छता की पहचान केवल नगर निगम की व्यवस्था से नहीं, बल्कि सफाई मित्रों की मेहनत, निष्ठा और अनुशासन से बनी है। जब शहर के अधिकांश लोग अपने दिन की शुरुआत कर रहे होते हैं, उससे पहले ही सफाई मित्र सड़कों और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी संभाल लेते हैं। उनकी लगातार मेहनत ने इंदौर को देशभर में स्वच्छता के क्षेत्र में अलग पहचान दिलाई है।

भार्गव ने सफाई मित्रों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपना काम करते रहें। पूरा इंदौर उनके साथ खड़ा है। नगर निगम सफाई मित्रों के सम्मान, सुरक्षा और सुविधाओं के लिए लगातार काम करता रहेगा। महापौर ने शहर की कई वाल्मीकि बस्तियों में जाकर कर्मचारियों से बातचीत की और उनके कामकाज की जानकारी ली।

महापौर ने कहा कि कुछ मांगों को लेकर सफाई मित्रों ने हड़ताल की घोषणा की थी। उनकी जो भी उचित मांगें हैं, उन्हें संबंधित स्तर तक पहुंचाकर समाधान कराने की जिम्मेदारी नगर निगम की है। उन्होंने कहा कि बुधवार को पंचायतों और यूनियन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर मामले के निराकरण की दिशा में चर्चा की गई थी। उन्होंने सड़क पर कचरा फैलाने की घटना को भी निंदनीय बताया। महापौर ने कहा कि सफाई व्यवस्था बनाए रखने में कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है और उनकी उचित मांगों को उचित मंच तक पहुंचाने का काम किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story