इंदौर में आरटीओ का बड़ा एक्शन, नियम तोड़ने पर 5 यात्री बसें जब्त, परमिट-फिटनेस से लेकर फायर सेफ्टी तक की सघन जांच
इंदौर, 28 जून (हि.स.)। सड़क सुरक्षा और यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) इंदौर ने रविवार को विशेष जांच अभियान चलाया। आरटीओ और संभागीय परिवहन उड़नदस्ता की संयुक्त कार्रवाई में नियमों का उल्लंघन करने वाली पांच यात्री बसों को जब्त किया गया।
तीन इमली चौराहे पर चलाए गए अभियान के दौरान यात्री बसों सहित अन्य व्यावसायिक वाहनों की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने परमिट, फिटनेस सर्टिफिकेट, बीमा, रजिस्ट्रेशन समेत सभी आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया। साथ ही यह भी देखा गया कि वाहन निर्धारित नियमों और परमिट की शर्तों के अनुरूप संचालित हो रहे हैं या नहीं।
फायर सेफ्टी और स्पीड गवर्नर भी जांच के दायरे में
कार्रवाई के दौरान बसों में लगे फायर एक्सटिंग्विशर, स्पीड गवर्नर और अन्य सुरक्षा उपकरणों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं सुचारू रूप से कार्य कर रही हों और यात्रियों की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता न हो।
यात्रियों से लिया फीडबैक
जांच के दौरान परिवहन अधिकारियों ने यात्रियों से भी बातचीत की। उनसे बस चालकों के व्यवहार, ओवरस्पीडिंग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल और यात्रा के दौरान बरती जाने वाली लापरवाही के संबंध में जानकारी ली गई। अधिकारियों ने यात्रियों से सड़क सुरक्षा नियमों के पालन में सहयोग करने की अपील भी की।
आरटीओ और उड़नदस्ता की संयुक्त कार्रवाई
यह विशेष अभियान आरटीओ प्रदीप शर्मा और संभागीय परिवहन उड़नदस्ता प्रभारी आकाश सिटोले के नेतृत्व में चलाया गया। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
स्कूल-कॉलेज बसें भी रहेंगी निगरानी में
परिवहन विभाग ने बताया कि आगामी दिनों में स्कूल और कॉलेजों में संचालित बसों की भी आकस्मिक जांच की जाएगी। जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी वाहन को बख्शा नहीं जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

