इंदौर : सांवरिया सेठ जा रहे आठ दोस्तों की कार पलटी, एक युवक की मौत, सात घायल
इंदौर, 24 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के इंदौर-नाराखेड़ा मार्ग पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सांवरिया सेठ के दर्शन करने जा रहे आठ दोस्तों की कार नाराखेड़ा क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार सात अन्य दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से दो की नाजुक हालत है।
जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी आठों दोस्त इंदौर के रहने वाले है। इनमें से एक दोस्त का 25 तारीख को जन्मदिन था। जन्मदिन के इसी खास मौके को मनाने और भगवान के दर्शन करने के लिए सभी युवक शनिवार देर रात इंदौर से राजस्थान स्थित सांवरिया सेठ मंदिर के लिए रवाना हुए थे। यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग पर नाराखेड़ा क्षेत्र के पास हुआ। बताया जा रहा है कि देर रात सड़क पर काफी अंधेरा था। इसी दौरान हाईवे पर एक मृत गाय पड़ी हुई थी और ठीक उसी के पास सड़क निर्माण का कार्य भी चल रहा था। अंधेरे के कारण ड्राइवर को मृत गाय और निर्माण कार्य देर से दिखाई दिया, जिसके चलते उसने अचानक वाहन को साइड में लेने का प्रयास किया। तेज रफ्तार होने के कारण कार पर से नियंत्रण खो गया और वह पलट गई। हादसे में ग्राम मांगलिया (लसुड़िया मोरी) निवासी 18 वर्षीय विशाल (पुत्र दिनेश परिहार) की मौके पर ही मौत हो गई।
कार पलटने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना में कार में सवार अन्य सात दोस्त निलेश, पीयूष, चंदन, जीवन, ओम, आयुष और मिलन गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने घायल निलेश और पीयूष की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर कर दिया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मृतक विशाल के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

