इंदौरः मंत्री सिलावट ने की सांवेर विधानसभा की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः मंत्री सिलावट ने की सांवेर विधानसभा की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा


- एक माह के भीतर स्वास्थ्य सेवाओं को चाक-चौबंद करने के दिए निर्देश

इंदौर, 26 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने रविवार को इंदौर में अधिकारियों की बैठक लेकर सांवेर विधानसभा की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने सांवेर विधानसभा के अंतर्गत चल रहे विभिन्न अस्पतालों द्वारा दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली।

सिलावट ने उज्जैन में आयोजित सिंहस्थ-2028 को दृष्टिगत रखते हुए सांवेर ब्लाक में प्रस्तावित नये कार्यों की सूची और योजनाओं पर चर्चा की। बैठक में मंत्री सिलावट ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निर्देशन में स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार किये जा रहे हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सांवेर विधानसभा के अंतर्गत आने वाले अस्पतालों में नागरिकों को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की जाये। प्रधानमंत्री आयुष्मान स्वास्थ्य योजना और आयुष योजनाओं का सभी को लाभ मिलें, यह भी सुनिश्चित किया जाये। सांवेर विधानसभा के अंतर्गत मांगलिया, क्षिप्रा, चन्द्रावतीगंज, पालिया, कुड़ाना, डकाच्या, सांवेर आदि के सभी अस्पतालों में चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, नर्सेस, एएनएम आदि अपना काम ईमानदारी, गुणवत्ता और सेवाभाव से करें। सभी अस्पतालों में मरीजों के लिये पर्याप्त मात्रा में दवाईयां, इंजेक्शन आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। अस्पताल में फर्निचर, शुद्ध पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय आदि सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध रहे। सभी अस्पताल समय पर खुलें और डॉक्टर ड्यूटी पर तैनात रहें। मरीजों को बेहतर से बेहतर ईलाज मिले।

बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्सक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में मंत्री सिलावट ने बताया कि सांवेर विधानसभा के अन्तर्गत स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर से बेहतर बनाने के लिये वे आगामी दिनों में भोपाल में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल और प्रिंसिपल सेक्रेटरी से मिलेंगे और स्वास्थ्य सेवाओं से अवगत कराएंगे। बैठक में मंत्री सिलावट ने कम्पेल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर, चिकित्सा उपकरण, मशीनों की उपयोगिता, फर्निचर की आवश्यकता, ऑक्सीजन लाईन की व्यवस्था आदि विषयों पर चर्चा की। साथ ही उक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में जल आपूर्ति की स्थिति, बेकअप की व्यवस्था, चिकित्सकों के कार्य एवं उपलब्धता, सांवेर सिविल अस्पताल एवं पीएचसी की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story