इंदौर: बिजली समस्याओं को लेकर बिजली कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन, एक सप्ताह का अल्टीमेटम

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर: बिजली समस्याओं को लेकर बिजली कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन, एक सप्ताह का अल्टीमेटम


इंदौर, 29 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले की बांक पंचायत क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों में बिजली संबंधी समस्याओं और कथित अवैध वसूली को लेकर मंगलवार को कांग्रेस नेताओं के नेतृत्व में लोगों ने सिरपुर जोन बिजली कंपनी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने बिजली कंपनी के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के निराकरण के लिए एक सप्ताह का समय दिया। मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर क्षेत्र के लोगों के साथ बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी गई।

प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस नेता सरफराज अंसारी, शादाब पटेल और शहजाद बाबा ने किया। उन्होंने बिजली कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए क्षेत्र की बिजली व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि चेकिंग और निरीक्षण के नाम पर कुछ आउटसोर्स कर्मचारी उपभोक्ताओं को परेशान कर रहे हैं और कथित रूप से अवैध वसूली की जा रही है। ज्ञापन में संबंधित कर्मचारियों की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने सिरपुर जोन के सहायक यंत्री राजेश गुप्ता की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए।

नेताओं ने कहा कि यदि एक सप्ताह में ज्ञापन में शामिल मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई और कथित अवैध वसूली के मामलों में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र की जनता के साथ आंदोलन किया जाएगा।

जर्जर केबल और ओवरलोड डीपी बदलने की मांग

प्रदर्शनकारियों ने नूरानी नगर सहित आसपास की बस्तियों में जर्जर और कटी-फटी केबल बदलने की मांग की। उनका कहना है कि इनसे स्पार्किंग की समस्या बनी रहती है। इसके अलावा वर्षों पुराने और ओवरलोड डीपी की क्षमता बढ़ाने, झुके हुए सीमेंट के बिजली पोल हटाकर नए पोल लगाने तथा इंसुलेटेड तार लगाने की मांग की गई। ज्ञापन में नए बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया सरल करने और क्षेत्र में हो रही अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने की मांग भी शामिल है। प्रदर्शन के दौरान पार्षद रफीक खान, सेवादल अध्यक्ष मुकेश यादव और यूथ कांग्रेस नेता दानिश खान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story