इंदौर में प्राइवेट बाइक टैक्सी पर रोक की मांग, रीगल चौराहे पर प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में प्राइवेट बाइक टैक्सी पर रोक की मांग, रीगल चौराहे पर प्रदर्शन


इंदौर, 23 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में प्राइवेट बाइक टैक्सी के संचालन के विरोध में सोमवार दोपहर रीगल चौराहे पर ऑटो रिक्शा और कार-टैक्सी चालकों ने प्रदर्शन किया। ऑटो रिक्शा चालक महासंघ एवं कार-टैक्सी कल्याण समिति के पदाधिकारियों ने शहर में संचालित प्राइवेट बाइक टैक्सियों पर तत्काल रोक लगाने और इनके खिलाफ लगातार कार्रवाई करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने एक दिन पहले 120 बाइक टैक्सियों पर हुई कार्रवाई के लिए कलेक्टर का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई नियमित रूप से जारी रहनी चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान बाइक टैक्सी कंपनियों के खिलाफ नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शहर में बड़ी संख्या में प्राइवेट बाइक टैक्सियां बिना जरूरी अनुमति के संचालित हो रही हैं। इससे नियमों का पालन कर कारोबार कर रहे ऑटो और कार-टैक्सी चालकों के सामने प्रतिस्पर्धा की स्थिति बन रही है। उन्होंने प्रशासन से बाइक टैक्सी कंपनियों के संचालन पर रोक लगाने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

न एग्रीगेटर लाइसेंस, न राइडर्स का पुलिस वेरिफिकेशन

महासंघ के संस्थापक राजेश बिडकर ने दावा किया कि इंदौर में करीब 15 हजार प्राइवेट बाइक टैक्सियां संचालित हो रही हैं। उनका आरोप है कि ये बाइक टैक्सियां कई वर्षों से बिना जरूरी अनुमति के कारोबार कर रही हैं। संबंधित कंपनियों के पास एग्रीगेटर लाइसेंस नहीं है और न ही उन्हें आरटीओ से व्यावसायिक संचालन की अनुमति मिली है। बिडकर ने राइडर्स के पुलिस वेरिफिकेशन पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि बाइक टैक्सी चालकों का पुलिस सत्यापन नहीं होने से यात्रियों की सुरक्षा और किसी अप्रिय घटना की स्थिति में संबंधित व्यक्ति की पहचान को लेकर परेशानी हो सकती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इन सेवाओं में दूसरे राज्यों और शहरों में पंजीकृत वाहनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

120 बाइक टैक्सियों पर कार्रवाई, लेकिन अब नियमित अभियान की मांग

बिडकर के मुताबिक, महासंघ ने बाइक टैक्सी संचालन के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ी थी और हाईकोर्ट से अपने पक्ष में आदेश प्राप्त किया था। इसके बाद आदेश की प्रति कलेक्टर, आरटीओ और ट्रैफिक पुलिस को सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई थी। उन्होंने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर प्रशासन ने 120 बाइक टैक्सियों के खिलाफ कार्रवाई की थी, लेकिन यह अभियान केवल एक दिन तक चला। महासंघ का कहना है कि सिर्फ एक दिन की कार्रवाई से समस्या का समाधान नहीं होगा। इसके लिए नियमित जांच और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई जरूरी है।

प्रदर्शनकारियों ने रखीं चार मांगें

प्रदर्शन के दौरान ऑटो और कार-टैक्सी चालकों ने प्रशासन के सामने चार प्रमुख मांगें रखीं। इनमें शहर में संबंधित बाइक टैक्सी कंपनियों का संचालन बंद कराने, उनके कार्यालयों को सील करने, बिना अनुमति चल रही बाइक टैक्सियों पर तत्काल रोक लगाने और ऐसे वाहनों को जब्त करने की मांग शामिल है। इसके साथ ही प्रदर्शनकारियों ने संबंधित कंपनियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की। उनका आरोप है कि कंपनियां इंदौर में जरूरी लाइसेंस और अनुमति के बिना व्यावसायिक गतिविधियां संचालित कर रही हैं। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मामले में स्पष्ट कार्रवाई करने और पहले हुई कार्रवाई को आगे भी जारी रखने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781998 Articles

Share this story