इंदौर में पेट्रोल पंप पर बड़ा हादसा टला, टैंकर में लगी आग, ड्राइवर की सूझबूझ से बची जान-माल की क्षति

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में पेट्रोल पंप पर बड़ा हादसा टला, टैंकर में लगी आग, ड्राइवर की सूझबूझ से बची जान-माल की क्षति


इंदौर, 14 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के मांगलिया क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक पेट्रोल पंप पर खड़े टैंकर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि ड्राइवर की सूझबूझ और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, अशोक लेलैंड शोरूम के सामने स्थित पेट्रोल पंप पर एक खाली हो चुका टैंकर खड़ा था। सुबह करीब 10 बजे टैंकर के केबिन में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग भड़क उठी। आग लगते ही ड्राइवर ने बिना घबराए जलते टैंकर को तुरंत पेट्रोल पंप से दूर ले जाकर खड़ा कर दिया, जिससे आग पंप तक नहीं पहुंच सकी।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक टैंकर पानी की मदद से आग पर काबू पा लिया। दमकल विभाग के अनुसार, हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने कुछ समय के लिए सड़क के एक हिस्से पर यातायात रोक दिया था, जबकि दूसरे मार्ग से वाहनों की आवाजाही जारी रही। पेट्रोल पंप कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों को भी तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद कुछ देर तक इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story