इंदौर में महिला सफाईकर्मी के ऊपर बस से गिरा एक क्विंटल का पार्सल, कंधे और पसली में फ्रैक्चर
- प्रशासन ने ट्रांसपोर्ट के गोदाम को किया सील
इंदौर, 10 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के राजमोहल्ला इलाके में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसमें एक महिला सफाईकर्मी सफाई करते हुए गंभीर रूप से घायल हो गई। दरअसल, बस के ऊपर सामान चढ़ाते समय करीब 1 क्विंटल वजन का पार्सल सीधे महिला के ऊपर जा गिरा। इस घटना के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित ट्रांसपोर्ट के गोदाम को सील कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, घायल महिला की पहचान सुनीता बाली के रूप में हुई है, जो नगर निगम के जोन-2 के तहत वार्ड क्रमांक 69 में कार्यरत हैं। रविवार सुबह जब वह सड़क की सफाई कर रही थीं, उसी दौरान पास ही खड़ी 'हंसचाल ट्रेवल्स' की बस पर लगेज चढ़ाया जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सामान चढ़ा रहे व्यक्ति के हाथ से अचानक पार्सल छूट गया और नीचे काम कर रही सुनीता उसकी चपेट में आ गईं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को पास के वर्मा यूनियन अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया कि भारी वजन गिरने के कारण महिला के कंधे और पसली में फ्रैक्चर हुआ है। अस्पताल में उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। महिला के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि प्रातःकालीन सफाई के दौरान हुई इस लापरवाही को गंभीरता से लिया गया है। कार्रवाई के तौर पर प्रशासन ने 'इंडियन ट्रांसपोर्ट' के गोदाम को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है। वहीं, नगर निगम के एआरओ और अन्य अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया है। अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

