इंदौर में एनएसयूआई का उग्र प्रदर्शन, डीएवीवी कैंपस में हंगामा, 6 गिरफ्तार, बैरिकेड्स कूदते दिखे छात्र

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में एनएसयूआई का उग्र प्रदर्शन, डीएवीवी कैंपस में हंगामा, 6 गिरफ्तार, बैरिकेड्स कूदते दिखे छात्र


इंदौर, 07 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) के आरएनटी परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया, जो देखते ही देखते हंगामे में बदल गया। पुलिस और छात्रों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद पुलिस ने जिला अध्यक्ष रजत पटेल समेत 6 पदाधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया।

एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का कहना है कि विश्वविद्यालय में लंबे समय से रिजल्ट में देरी, कॉपियों के मूल्यांकन में गड़बड़ी और प्रशासनिक अनियमितताएं बनी हुई हैं। इन्हीं मुद्दों को लेकर सैकड़ों छात्र दोपहर करीब 1:40 बजे कैंपस पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू किया, जो लगभग 40 मिनट तक चला।

बैरिकेड्स कूदते रहे कार्यकर्ता

प्रदर्शन के दौरान एक अलग ही नजारा देखने को मिला। पुलिस के मुताबिक, कुछ छात्र नेता विरोध के साथ-साथ सोशल मीडिया के लिए रील बनाने में भी व्यस्त नजर आए। कई कार्यकर्ता बार-बार बैरिकेड्स लांघने की कोशिश करते रहे, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। पुलिस को माइक से अपील करनी पड़ी-“रील के चक्कर में ऐसा न करें, शालीनता से ज्ञापन दें।”

पुलिस-छात्रों में झड़प

जब प्रदर्शनकारी जबरन कैंपस में घुसने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान दोनों पक्षों में तीखी झड़प और झूमा-झटकी हुई, जिसमें कुछ छात्र नेताओं के कपड़े तक फट गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मुख्य पदाधिकारियों को हिरासत में ले लिया।

एडिशनल डीसीपी रामसनेही मिश्रा ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को लगातार समझाइश दी जा रही थी, लेकिन वे नहीं माने और धक्का-मुक्की करने लगे। एहतियात के तौर पर 6 पदाधिकारियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य को समझाकर छोड़ दिया गया।

एनएसयूआई का ऐलान, आंदोलन जारी रहेगा

गिरफ्तारियों के बावजूद एनएसयूआई ने साफ कर दिया है कि जब तक विश्वविद्यालय प्रशासन समस्याओं का समाधान नहीं करता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। संगठन ने इसे छात्रों के अधिकारों की लड़ाई बताते हुए आगे और तेज करने की चेतावनी दी है। प्रदर्शन के चलते पूरा परिसर छावनी में तब्दील रहा और लंबे समय तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story