इंदौरः नीट की परीक्षा सुव्यवस्थित रूप से संपन्न, कलेक्टर ने किया नीट परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः नीट की परीक्षा सुव्यवस्थित रूप से संपन्न, कलेक्टर ने किया नीट परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण


इंदौर, 21 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में रविवार को नीट परीक्षा सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुई। कलेक्टर शिवम वर्मा ने परीक्षा के सफल संचालन को सुनिश्चित करने के लिए शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, बैठने की सुविधा, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

कलेक्टर वर्मा ने एसजीएसआईटीएस तथा होलकर साइंस कॉलेज सहित अन्य शैक्षणिक संस्थानों में स्थापित परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने विद्यार्थियों से चर्चा कर परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया तथा उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पंवार भी उपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से परीक्षा आयोजित की जा रही है। विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों पर छाया, पेयजल, बैठने की व्यवस्था तथा उचित मूल्य पर खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के विशेष इंतजाम किए गए हैं। कलेक्टर वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित होती रहें। विद्यार्थियों के लिए बसों की व्यवस्था भी विशेष रूप से की गई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story