इंदौर में नर्मदा जल सप्लाई पर निगम कमिश्नर की नजर, कंट्रोल रूम पहुंचकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में नर्मदा जल सप्लाई पर निगम कमिश्नर की नजर, कंट्रोल रूम पहुंचकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा


इंदौर, 20 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में बढ़ते जल संकट के बीच नगर निगम प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। शहर के कई इलाकों में पानी की किल्लत बनी हुई है और कई स्थानों पर लोग टैंकरों के सहारे अपनी जरूरतें पूरी कर रहे हैं। ऐसे में आमजन की निगाहें नगर निगम और जनप्रतिनिधियों पर टिकी हुई हैं कि समस्या का जल्द समाधान निकाला जाए।

बुधवार को नगर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल बीजलपुर स्थित नर्मदा कंट्रोल रूम पहुंचे, जहां उन्होंने शहर में पानी की सप्लाई व्यवस्था का निरीक्षण किया और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उनके साथ कार्यपालन यंत्री सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। निगम कमिश्नर ने कंट्रोल रूम से ही फोन पर विभिन्न क्षेत्रों के सहायक यंत्रियों से चर्चा कर नर्मदा जल टंकियों की स्थिति, जल वितरण व्यवस्था और टैंकरों के माध्यम से हो रही सप्लाई की जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पानी सप्लाई व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग की जाए, ताकि किसी भी क्षेत्र में अनावश्यक समस्या उत्पन्न न हो। साथ ही हाइड्रेंट से टैंकर भरने और जरूरतमंद क्षेत्रों तक समय पर पानी पहुंचाने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि शहर में जल संकट से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर भी लगातार काम किया जा रहा है, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story