इंदौर में उर्मिला सैनी हत्याकांड पर फूटा गुस्सा, डाक कर्मचारियों और रहवासियों ने घेरा थाना, जल्द कार्रवाई की मांग
इंदौर, 13 जुलाई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी की हत्या के तीसरे दिन भी उनके फरार पति का सुराग न मिलने पर लोगों का गुस्सा भड़क उठा है। सोमवार को मृतका के रिश्तेदारों, स्थानीय रहवासियों और डाक विभाग के कर्मचारी संगठनों ने एकजुट होकर संयोगितागंज थाने का घेराव किया और आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस को ज्ञापन सौंपा।
डाककुंज कॉलोनी निवासी और डाक विभाग में पदस्थ पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी की हत्या के मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी न होने से परिजनों और विभागीय स्टाफ में भारी आक्रोश है। सोमवार को आक्रोशित लोगों और कर्मचारी यूनियनों ने संयोगितागंज थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का साफ तौर पर कहना था कि इतनी जघन्य वारदात के बीत जाने के बाद भी आरोपित पुलिस की गिरफ्त से बाहर होना बेहद गंभीर चिंता का विषय है।
इस दौरान अखिल भारतीय रेल डाक सेवा एवं मेल मोटर सेवा कर्मचारी संघ (वर्ग-3), मध्य प्रदेश सर्किल के नेतृत्व में विभिन्न कर्मचारी यूनियनों और समाज के लोगों ने थाना प्रभारी केपी यादव को एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन के माध्यम से उर्मिला सैनी की नृशंस हत्या पर गहरा शोक जताते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, मामले की निष्पक्ष व त्वरित जांच, पीड़ित परिवार को सुरक्षा और महिला कर्मचारियों की कार्यस्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई है।
थाने का घेराव करने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी से दो टूक शब्दों में कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी चेहरों को जल्द से जल्द बेनकाब कर सलाखों के पीछे भेजा जाए। कर्मचारी संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस प्रशासन द्वारा जल्द और संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई, तो वे लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, पीड़ित परिवार के सदस्य और डाक विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि उर्मिला सैनी की हत्या शनिवार को उनके ही सरकारी आवास में कर दी गई थी। इस खौफनाक वारदात का पता तब चला था जब उनके दोनों मासूम बच्चे स्कूल से लौटे थे और घर का दरवाजा खुला होने के साथ अंदर तेज आवाज में टीवी चल रहा था। भीतर कदम रखते ही बच्चों ने अपनी मां का खून से लथपथ शव देखा था, जिसके बाद उन्होंने रोते हुए अपने नाना को फोन किया था। फिलहाल, पुलिस की टीमें फरार पति की तलाश में जुटी हुई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

