इंदौर में 100 साल पुराने जर्जर भवन पर चली निगम की जेसीबी, इमारत को किया जमींदोज

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में 100 साल पुराने जर्जर भवन पर चली निगम की जेसीबी, इमारत को किया जमींदोज


इंदौर, 11 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर में जर्जर और खतरनाक भवनों के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी है। मंगलवार को निगम के अमले ने झोन क्रमांक-2 के वार्ड क्रमांक-67 स्थित जयरामपुर कॉलोनी में करीब 100 साल पुराने जर्जर भवन को जेसीबी की मदद से जमींदोज कर दिया। भवन की हालत काफी खराब हो चुकी थी और इसे संभावित रूप से हादसे का कारण बनने से पहले हटाया गया।

नगर निगम का अमला मंगलवार को दलबल के साथ मौके पर पहुंचा और भवन को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की। भवन अधिकारी पल्लवी पाल ने बताया कि निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों के मुताबिक, मौके पर पंजीकृत शासकीय नारी शाला का पुराना जर्जर भवन था। भवन में चौकीदार का परिवार रह रहा था। निगम की ओर से परिवार को नोटिस जारी कर भवन खाली कराया गया, जिसके बाद मंगलवार को रिमूवल की कार्रवाई की गई।

अधिकारी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार का विवाद या विरोध नहीं हुआ। भवन लंबे समय से पुराना और जर्जर अवस्था में था। यह भवन सिंधी समाज समिति के अधीन बताया गया है।

सांसद निधि से बनेगा नया प्रोजेक्ट

नगर निगम के अनुसार, पुराने भवन को हटाने के बाद यहां नया प्रोजेक्ट प्रस्तावित है, जिसे सांसद निधि से तैयार किया जाना है। इसी प्रस्तावित विकास कार्य के मद्देनजर पुराने और जर्जर भवन को हटाने की कार्रवाई की गई है। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर में जर्जर भवनों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि बारिश और अन्य परिस्थितियों में किसी तरह की जनहानि की आशंका को टाला जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story