इंदौर: धनतेरस पर चांदी के सिक्कों पर उकेरा मोदी का राजनीतिक सफर
इंदौर, 06 नवंबर (हि.स.)। धनतेरस पर इंदौर के सराफा बाजार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति एक सर्राफा व्यापारी की दीवानगी चर्चा का विषय बनी हुई है। व्यापारी निर्मल घुंघरू वर्मा ने इस बार प्रधानमंत्री मोदी के राजनीतिक सफर को दर्शाते हुए चांदी के 14 विशेष स्मृति सिक्के तैयार करवाए हैं। इन सिक्कों पर वर्ष 2014 से 2026 तक के सफर को अलग-अलग तस्वीरों के माध्यम से उकेरा गया है। इनमें एक सिक्के पर ‘मोदी तो फिर आएगा’ का संदेश भी अंकित है।
धनतेरस के अवसर पर सराफा बाजार में सोने-चांदी की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। इसी बीच निर्मल वर्मा द्वारा तैयार करवाए गए ये अनूठे सिक्के लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। गोल आकार के इन विशेष सिक्कों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़ी अलग-अलग तस्वीरें उकेरी गई हैं। पहला सिक्का वर्ष 2014 का है, जिस पर प्रधानमंत्री पद की शपथ लेते हुए नरेंद्र मोदी की तस्वीर प्रदर्शित की गई है। इसके बाद के सिक्कों पर उनके राजनीतिक सफर से जुड़ी विभिन्न तस्वीरों को स्थान दिया गया है।
व्यापारी निर्मल घुंघरू वर्मा ने हिस को बताया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बड़े प्रशंसक हैं और हर साल धनतेरस के अवसर पर उनसे जुड़ी सोने या चांदी की कोई विशेष वस्तु तैयार करवाते हैं। वे पूरे साल इस पर्व का इंतजार करते हैं। इससे पहले वे प्रधानमंत्री मोदी की चांदी की प्रतिमा, सोने की तस्वीर और चांदी का नोट भी तैयार करवा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि हर वर्ष उनकी कोशिश रहती है कि धनतेरस पर कुछ नया और अनूठा तैयार किया जाए, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बने। इसी उद्देश्य से इस बार उन्होंने 14 चांदी के स्मृति सिक्के बनवाए हैं। सराफा बाजार में आने वाले लोग इन सिक्कों को उत्सुकता से देख रहे हैं। व्यापारी के अनुसार, इन सिक्कों को लेकर बाजार में लोगों की दिलचस्पी और मांग भी देखने को मिल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

