इंदौर में आधुनिक ग्रेडिंग एवं कलर सॉर्टिंग प्लांट का शुभारंभ कृषि क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम : कृषि मंत्री कंषाना

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में आधुनिक ग्रेडिंग एवं कलर सॉर्टिंग प्लांट का शुभारंभ कृषि क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम : कृषि मंत्री कंषाना


- आधुनिक तकनीकों के उपयोग से किसानों को मिलेगा उचित मूल्य

भोपाल, 02 अप्रैल (हि.स.) । मध्य प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने कहा है कि इंदौर जिले के ग्राम अरण्या में अत्याधुनिक ग्रेडिंग एवं कलर सॉर्टिंग प्लांट के शुभारंभ से क्षेत्र के किसानों एवं व्यापारियों के लिए आधुनिक तकनीक के माध्यम से बेहतर गुणवत्ता, पारदर्शिता तथा तेज़ प्रोसेसिंग सुनिश्चित हो सकेगी। यह पहल कृषि क्षेत्र के आधुनिकीकरण की दिशा में अहम कदम है।

कृषि मंत्री कंषाना ने गुरुवार को अपने संदेश में कहा आधुनिक तकनीकों के उपयोग से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा तथा कृषि व्यापार अधिक संगठित और प्रतिस्पर्धी बनेगा। राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि उत्पादों की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार प्रयासरत है। ऐसे आधुनिक प्लांट किसानों को बेहतर ग्रेडिंग सुविधा प्रदान करेंगे, जिससे राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच आसान होगी।

मंत्री कंषाना ने कहा कि इस नई सुविधा से कृषि उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार के साथ स्थानीय कृषि व्यापार को नई गति मिलेगी। क्षेत्र के किसानों, व्यापारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे कृषि विकास के लिए सकारात्मक कदम बताया है।

मंत्री कंषाना ने कहा कि आधुनिक ग्रेडिंग और कलर सॉर्टिंग प्लांट कृषि उत्पादों की गुणवत्ता सुधारने के लिए उपयोग की जाने वाली एक उन्नत तकनीक है। इसमें कच्चे माल को हॉपर में डाला जाता है, जहाँ सफाई, ग्रेडिंग और रंग के आधार पर छंटाई की जाती है। इसमें फोटोसेंसर और हाई-स्पीड कैमरे लगे होते हैं जो खराब या रंगहीन दानों को पहचान कर उन्हें अलग कर देते हैं।यह गेहूं, चावल, चना, मूंगफली, तुलसी, कलौंजी, चिया सीड और किनवा जैसे विभिन्न अनाज और बीजों के लिए उपयोग किया जाता है। खराब, क्षतिग्रस्त या अलग रंग के दानों को हटाने से उत्पाद की ग्रेडिंग बेहतर होती है। बेहतरीन रंग और सफाई वाले अनाज की बाजार में अधिक कीमत मिलती है। मानव श्रम कम लगता है और शुद्धता अधिक होती है।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story