इंदौर के पास महू में धमाके के साथ फटी नर्मदा-क्षिप्रा पाइपलाइन, 150 फीट तक उछला पानी, घरों में घुसा सैलाब, कच्चा मकान बहा

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर के पास महू में धमाके के साथ फटी नर्मदा-क्षिप्रा पाइपलाइन, 150 फीट तक उछला पानी, घरों में घुसा सैलाब, कच्चा मकान बहा


इंदौर के पास महू में धमाके के साथ फटी नर्मदा-क्षिप्रा पाइपलाइन, 150 फीट तक उछला पानी, घरों में घुसा सैलाब, कच्चा मकान बहा


इंदौर के पास महू में धमाके के साथ फटी नर्मदा-क्षिप्रा पाइपलाइन, 150 फीट तक उछला पानी, घरों में घुसा सैलाब, कच्चा मकान बहा


महू (इंदौर), 31 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर जिले में महू के पास भेरूघाट क्षेत्र में रविवार सुबह नर्मदा-क्षिप्रा परियोजना की मुख्य पाइपलाइन अचानक फट जाने से हड़कंप मच गया। तेज धमाके जैसी आवाज के साथ पाइपलाइन फटते ही पानी का विशाल फव्वारा करीब 150 फीट तक ऊंचाई में उठने लगा। कुछ ही मिनटों में आसपास का क्षेत्र जलमग्न हो गया, घरों में पानी घुस गया और यातायात भी प्रभावित हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 7:30 बजे जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। पाइपलाइन में अत्यधिक दबाव होने के कारण पानी का फव्वारा पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की ऊंचाई तक पहुंचता दिखाई दिया। करीब एक घंटे तक पानी का तेज बहाव जारी रहा। बाद में जलापूर्ति बंद किए जाने पर स्थिति नियंत्रण में आई।

घरों में घुसा पानी, हजारों का नुकसान

भेरूघाट निवासी विजय कोहली और सुगंध बाई कोहली ने बताया कि पाइपलाइन फटने के कुछ ही मिनटों में पानी तेजी से उनके घरों की ओर बढ़ने लगा। हालात बिगड़ते देख परिवार के सदस्य घरों से बाहर निकल गए। तेज बहाव के कारण घरों में रखा राशन, घरेलू सामान और अन्य सामग्री पानी में भीग गई, जबकि कई वस्तुएं बह गईं। प्रभावित परिवारों ने हजारों रुपये के नुकसान की बात कही है।

चौकीदार का कच्चा मकान बहा, ढाबे का टीन शेड क्षतिग्रस्त

घटनास्थल के समीप वन विभाग की रोपणी में बने चौकीदार रमेश कोहली के कच्चे मकान को पानी का तेज बहाव अपने साथ बहा ले गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक मकान के साथ उसमें रखा सामान भी नष्ट हो गया। वहीं भेरू बाबा मंदिर के पास स्थित एक ढाबे का टीन शेड भी पानी की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया।

पत्थर उछलकर पहुंचे घरों तक

स्थानीय निवासी सचिन कोहली ने बताया कि यह पाइपलाइन ओंकारेश्वर से उज्जैन तक पानी पहुंचाने वाली नर्मदा-क्षिप्रा परियोजना का हिस्सा है। पाइपलाइन फटने के दौरान पानी के साथ बड़े-बड़े पत्थर भी उछलकर घरों तक पहुंच रहे थे। इससे कई मकानों की टीन की छतों और अन्य संरचनाओं को नुकसान पहुंचा।

भेरू मंदिर मार्ग पर यातायात प्रभावित

पाइपलाइन फूटने के बाद भेरू मंदिर मार्ग पर पानी भर गया। सड़क पर तेज बहाव के कारण वाहन चालकों को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ा। कई दोपहिया चालक जोखिम उठाकर पानी के बीच से गुजरते नजर आए, जबकि कुछ लोगों ने स्थिति सामान्य होने तक वाहन रोक दिए। इससे मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

शिकायतों के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई

स्थानीय निवासी रवि कोहली ने आरोप लगाया कि पाइपलाइन में कई दिनों से लीकेज की समस्या बनी हुई थी और इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी गई थी। इसके बावजूद समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई। उनका कहना है कि यदि शिकायतों पर गंभीरता से ध्यान दिया जाता तो यह हादसा टाला जा सकता था।

अधिकारी मौके पर पहुंचे, जांच की मांग

घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा जलापूर्ति बंद कर स्थिति को नियंत्रित किया। क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। वहीं स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की जांच, नुकसान का सर्वे और प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story