इंदाैर: महापौर सचिवालय में ‘नारी संवाद’, महिलाओं की बढ़ती भागीदारी पर जोर, अधिनियम के समर्थन में आतिशबाजी
इंदौर, 16 अप्रैल (हि.स.)। ‘नारी शक्ति वंदन’ अधिनियम के समर्थन में गुरुवार को इंदाैर महापौर सचिवालय में ‘नारी संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर पुष्यमित्र भार्गव और भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने की। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर अपने विचार साझा किए और प्रस्तावित अधिनियम का समर्थन किया।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि पिछले 15-20 वर्षों में देश के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी तेजी से बढ़ी है और आज लगभग हर सेक्टर में 30% तक महिलाएं नेतृत्वकारी भूमिकाओं में हैं। उन्होंने कहा कि ‘नारी शक्ति वंदन’ अधिनियम इस बदलाव को और गति देगा तथा महिलाओं को निर्णय लेने की मुख्यधारा में मजबूत स्थान दिलाएगा। महापौर ने कहा कि यह कानून केवल महिलाओं के सशक्तिकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं द्वारा नेतृत्व स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उनके अनुसार, यह अधिनियम आने वाली पीढ़ियों के लिए दिशा और दशा तय करने वाला परिवर्तनकारी कदम साबित होगा।
नीति-निर्माण में बढ़ेगी भागीदारी
भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने भी अधिनियम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह महिलाओं की नीति-निर्माण में भागीदारी सुनिश्चित करेगा। कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि अब समय आ गया है जब महिलाएं सिर्फ नीतियों का हिस्सा नहीं, बल्कि उनकी निर्माता बनेंगी।
समर्थन में उत्सव का माहौल
कार्यक्रम के बाद महिलाओं ने महापौर सचिवालय के बाहर उत्साहपूर्वक नारे लगाए। इस दौरान आतिशबाजी की गई और मिठाइयां बांटी गईं। महापौर ने घोषणा की कि 18 अप्रैल को, जब यह विधेयक पारित होगा, तब शहर की महिलाएं सड़कों पर उतरकर इस ऐतिहासिक क्षण का उत्सव मनाएंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

