इंदौर में जलभराव वाले क्षेत्रों का महापौर ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में जलभराव वाले क्षेत्रों का महापौर ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश


भमोरी में जल निकासी व्यवस्था का लिया जायजा, अधूरे कार्य प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश

इंदौर, 04 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर में मानसून के दौरान शहर में जलभराव और नागरिकों को होने वाली परेशानियों से बचाने के लिए इंदौर नगर निगम अलर्ट मोड पर है। शनिवार को महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने स्वयं शहर के जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को बारिश से पहले सभी जरूरी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

महापौर ने विशेष रूप से भमोरी क्षेत्र का निरीक्षण कर पूर्व में दिए गए निर्देशों के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन स्थानों पर हर वर्ष जलभराव की समस्या सामने आती है, वहां पहले से प्रभावी और स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपर आयुक्तों, जोनल अधिकारियों और निगम अमले को संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर समय रहते आवश्यक कार्य पूरे करने के निर्देश पहले ही दिए जा चुके हैं और अब उनमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान भमोरी के रहवासियों ने महापौर को बताया कि पहले तेज बारिश के बाद क्षेत्र में दो से ढाई घंटे तक पानी भरा रहता था, लेकिन इस बार नगर निगम द्वारा कराए गए सुधार कार्यों के कारण पानी तेजी से निकला और जलभराव की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला। इस पर महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां अभी भी कार्य अधूरे हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए।

इसके अलावा महापौर ने ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र का भी निरीक्षण किया और जल निकासी में बाधा बन रहे अवरोधों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के दौरान पानी की निकासी सुचारु बनी रहे और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि नगर निगम का पूरा अमला लगातार फील्ड में सक्रिय है। शनिवार सुबह कंट्रोल रूम से भी सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि निगम का उद्देश्य बारिश के दौरान शहर के किसी भी हिस्से में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न होने देना है और इसके लिए सभी विभाग पूरी गंभीरता और समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story