इंदौर में विश्व आदिवासी दिवस पर निकली विशाल रैली, हजारों युवा पारंपरिक वेशभूषा में हुए शामिल

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में विश्व आदिवासी दिवस पर निकली विशाल रैली, हजारों युवा पारंपरिक वेशभूषा में हुए शामिल


इंदौर में विश्व आदिवासी दिवस पर निकली विशाल रैली, हजारों युवा पारंपरिक वेशभूषा में हुए शामिल


इंदौर में विश्व आदिवासी दिवस पर निकली विशाल रैली, हजारों युवा पारंपरिक वेशभूषा में हुए शामिल


- शहर के कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट

इंदौर, 09 अगस्त (हि.स.)। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार सुबह इंदौर में आदिवासी समाज की ओर से विशाल रैली निकाली गई। लालबाग परिसर से सुबह करीब 6 बजे शुरू हुई रैली में हजारों की संख्या में युवा, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए। पारंपरिक वेशभूषा में सजे लोगों ने हाथों में झंडे और पारंपरिक वाद्ययंत्र थाम रखे थे। ढोल-नगाड़ों की थाप और आदिवासी गीतों पर युवा और बच्चे नृत्य करते हुए आगे बढ़े। रैली के जरिए समाज ने अपनी संस्कृति, परंपरा और एकजुटता का संदेश दिया।

रैली लालबाग परिसर से शुरू होकर कलेक्टोरेट चौराहा, पलसीकर चौराहा, सोनकर धर्मशाला चौराहा, सिंधी कॉलोनी चौराहा और टावर चौराहा होते हुए आगे बढ़ी। इसके बाद जुलूस भंवरकुआं चौराहा होते हुए राजीव गांधी चौराहे पहुंचेगा, जहां इसका समापन प्रस्तावित है। फिलहाल रैली टावर चौराहे तक पहुंच चुकी है।

पारंपरिक वेशभूषा बनी आकर्षण का केंद्र

रैली में आदिवासी समाज के युवा और महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए। किसी के हाथ में समाज का झंडा था तो कोई पारंपरिक वाद्ययंत्र बजाते हुए चल रहा था। ढोल-नगाड़ों की धुन पर समूह में किए जा रहे नृत्य ने रैली के माहौल को उत्सव में बदल दिया। आदिवासी गीतों पर बच्चे भी उत्साह से थिरकते नजर आए।

जयस ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का जताया दावा

रैली में जयस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी का जिक्र करते हुए आयोजन के जरिए वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किए जाने की बात कही। रैली में युवाओं की बड़ी भागीदारी को समाज की एकजुटता और नई पीढ़ी के सांस्कृतिक जुड़ाव के रूप में देखा जा रहा है।

शहर के कई हिस्सों में ट्रैफिक डायवर्जन

रैली के चलते शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। यातायात पुलिस के अनुसार, रैली के आगे बढ़ने और यातायात के दबाव के आधार पर जरूरत के अनुसार डायवर्जन लागू किया जाएगा। राजीव गांधी चौराहा, आईटी पार्क चौराहा, चोइथराम चौराहा, महू नाका चौराहा, कलेक्टोरेट चौराहा, मोती तबेला चौराहा, बियाबानी चौराहा, हरसिद्धि चौराहा, कलाकुली मस्जिद और राऊजी बाजार क्षेत्र में आवश्यकता के अनुसार यातायात डायवर्ट किया जा सकता है।

एयरपोर्ट जाने वालों के लिए एडवाइजरी

रैली के कारण लालबाग, कलेक्टोरेट, टावर और भंवरकुआं क्षेत्र में यातायात प्रभावित होने की संभावना है। पुलिस ने एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों से उड़ान के निर्धारित समय से पर्याप्त पहले घर से निकलने की अपील की है। एयरपोर्ट जाने के लिए चोइथराम चौराहा, चाणक्यपुरी चौराहा, अन्नपूर्णा चौराहा, महू नाका, गंगवाल, बड़ा गणपति और वायरलेस चौराहा होते हुए वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल किया जा सकता है। वहीं पलासिया से विजय नगर, बापट चौराहा, लवकुश चौराहा और सुपर कॉरिडोर होते हुए भी एयरपोर्ट पहुंचा जा सकता है।

निर्माण कार्य वाले रास्तों से बचने की सलाह

केसरबाग ब्रिज निर्माण के कारण पहले से यातायात का दबाव बना हुआ है। पुलिस ने वाहन चालकों को चोइथराम और चाणक्यपुरी चौराहे की ओर जाने से बचने तथा रिंग रोड, फूटी कोठी और अन्नपूर्णा समेत वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। राऊजी बाजार थाना क्षेत्र में पाइपलाइन निर्माण कार्य के कारण भी यातायात प्रभावित रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से इस क्षेत्र में जाने से बचने और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story