इंदौर में पॉश कॉलोनी के बंगले में एसी ब्लास्ट के बाद भीषण आग, दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में पॉश कॉलोनी के बंगले में एसी ब्लास्ट के बाद भीषण आग, दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू


इंदौर, 11 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के कनाड़िया थाना क्षेत्र स्थित पॉश शिव शक्ति नगर कॉलोनी में गुरुवार दोपहर एक आलीशान बंगले में लगे एसी में ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में तीन लोगों के घायल होने की सूचना है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार रिवाज गार्डन के पीछे स्थित रितेश राजेंद्र दुबे के बंगला नंबर-5 में दोपहर करीब 12 बजे आग भड़की। आग की भयावहता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही कनाड़िया थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग को आसपास के मकानों तक फैलने से रोकने के लिए लगातार प्रयास किए। संकरी गलियों और तेज गर्मी के बावजूद राहत एवं बचाव कार्य जारी रखा गया। दमकल की टीम ने करीब दो घंटे तक लगातार रेस्क्यू और आग बुझाने का अभियान चलाया। लगभग 8 हजार लीटर पानी की बौछार के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

घर में फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला

आग लगते ही बंगले में मौजूद परिवार और स्टाफ के बीच अफरा-तफरी मच गई। धुआं और लपटें तेजी से फैलने के कारण कुछ लोग अंदर ही फंस गए थे। दमकलकर्मियों और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन से बड़ा हादसा टल गया।

एसी में शॉर्ट सर्किट के बाद ब्लास्ट की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भीषण गर्मी के बीच चल रहे एयर कंडीशनर (एसी) में शॉर्ट सर्किट होने के बाद जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही मिनटों में बंगले के कई हिस्से इसकी चपेट में आ गए। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

नुकसान का आकलन और जांच शुरू

आग से बंगले के भीतर रखे फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य घरेलू सामान को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। फिलहाल प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है। वहीं, फायर विभाग और पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुट गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story