इंदौर में फूटी कोठी सब्जी मंडी हटाने का दूसरे दिन भी विरोध, रिमूवल टीम के सामने साष्टांग दंडवत हुए कांग्रेसी

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में फूटी कोठी सब्जी मंडी हटाने का दूसरे दिन भी विरोध, रिमूवल टीम के सामने साष्टांग दंडवत हुए कांग्रेसी


इंदौर, 22 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के फूटी कोठी चौराहे से सालों पुरानी सब्जी मंडी हटाए जाने के विरोध में सब्जी विक्रेताओं का धरना-प्रदर्शन रविवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। फूटी कोठी ब्रिज के नीचे चल रहे प्रदर्शन में रविवार को शहर कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम की रिमूवल टीम के सामने गांधीवादी अंदाज में विरोध जताते हुए कर्मचारियों से सब्जी विक्रेताओं के प्रति नरमी बरतने की अपील की।

कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव, विवेक खंडेलवाल सहित अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रिमूवल टीम के कर्मचारियों को पहले नमस्कार किया। इसके बाद उनके सामने साष्टांग दंडवत होकर आरती उतारी। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अब बहुत हो चुका है, गरीब सब्जी विक्रेताओं पर रहम किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भूमाफियाओं, बिल्डरों और अधिकारियों के दबाव में गरीबों के रोजगार पर संकट खड़ा किया जा रहा है। नेताओं ने निगम की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए सब्जी विक्रेताओं को राहत देने की मांग की।

टीम लौटी, लेकिन विक्रेताओं का धरना जारी

कांग्रेस नेताओं के प्रदर्शन और अपील के बाद नगर निगम की रिमूवल टीम वहां से रवाना हो गई। हालांकि, सब्जी विक्रेताओं ने अपना धरना समाप्त नहीं किया। उनका कहना है कि वे कई वर्षों से इसी स्थान पर सब्जी बेचकर परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। मंडी हटाए जाने से उनकी आजीविका प्रभावित हुई है और परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। सब्जी विक्रेताओं की मांग है कि उन्हें फूटी कोठी ब्रिज के नीचे ही कारोबार के लिए जगह उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे दोबारा दुकानें लगाकर अपना रोजगार शुरू कर सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781520 Articles

Share this story