इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में बुलडोजर कार्रवाई शुरू, 62 मकान हटाए जाएंगे, भारी पुलिस बल के साथ पहुंची निगम-प्रशासन की टीम

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में बुलडोजर कार्रवाई शुरू, 62 मकान हटाए जाएंगे, भारी पुलिस बल के साथ पहुंची निगम-प्रशासन की टीम


इंदौर, 23 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर में एमआर-10 स्थित कृष्णबाग कॉलोनी में सोमवार सुबह नगर निगम और जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में निगम की टीम बुलडोजर लेकर सुबह करीब 7 बजे कॉलोनी पहुंची और विवादित जमीन पर बने मकानों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की। यहां कुल 62 मकानों को हटाया जाना है। कार्रवाई शुरू होते ही कॉलोनी में हलचल मच गई। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

दरअसल, ग्राम खजराना स्थित सर्वे नंबर 66/2(क) की 0.720 हेक्टेयर जमीन पर बने मकानों को लेकर श्रीराम बिल्डर्स और रहवासियों के बीच वर्ष 2003 से विवाद चल रहा है। जमीन के स्वामित्व और कब्जे को लेकर शुरू हुआ यह मामला तहसीलदार से लेकर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है। अब कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रशासन ने बेदखली के आदेशों के तहत मकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू की है।

19 रहवासियों को हाईकोर्ट से अंतरिम राहत

कार्रवाई से पहले इस मामले में हाईकोर्ट का आदेश भी सामने आया। शुक्रवार को हाईकोर्ट की डबल बेंच ने जगदीश कुमावत सहित 19 रहवासियों को अंतरिम राहत देते हुए फिलहाल बेदखल नहीं करने के निर्देश दिए थे। इसके चलते इन 19 रहवासियों के मकानों पर फिलहाल कार्रवाई नहीं की जाएगी। वहीं, शेष 62 रहवासियों के खिलाफ बेदखली के आदेश अंतिम हो चुके हैं। इसी आधार पर प्रशासन ने बाकी मकानों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की है।

पुलिस बल नहीं मिलने से दो बार टली कार्रवाई

कृष्णबाग कॉलोनी में बेदखली की कार्रवाई पहले भी प्रस्तावित की गई थी, लेकिन पुलिस बल उपलब्ध नहीं होने के कारण इसे टालना पड़ा। पहले 16 और 17 नवंबर को कार्रवाई की तैयारी की गई थी, लेकिन पर्याप्त पुलिस बल नहीं मिलने से कार्रवाई नहीं हो सकी। इसके बाद 18 और 19 नवंबर को भी कार्रवाई टल गई। अब सोमवार को पुलिस बल की उपलब्धता के बाद नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781660 Articles

Share this story