इंदौर: एमजीएम मेडिकल कॉलेज हॉस्टल की पांचवीं मंजिल से गिरकर जूनियर डॉक्टर की मौत, जांच जारी

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर: एमजीएम मेडिकल कॉलेज हॉस्टल की पांचवीं मंजिल से गिरकर जूनियर डॉक्टर की मौत, जांच जारी


इंदौर, 18 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल में रविवार देर रात एक जूनियर डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। डॉक्टर का शव हॉस्टल परिसर में मिलने से मेडिकल कॉलेज और छात्रावास में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच आत्महत्या और हादसे दोनों पहलुओं से कर रही है।

जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब 2 बजे एमजीएम बॉयज हॉस्टल के ब्लॉक नंबर- 5 के पास एक युवक का शव पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह हॉस्टल की पांचवीं मंजिल से नीचे गिरा था। घटना की सूचना मिलते ही संयोगितागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान 30 वर्षीय डॉ. अमन पटेल के रूप में हुई है। वे एमजीएम मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग में फाइनल ईयर के पीजी छात्र थे। मूल रूप से जबलपुर निवासी डॉ. पटेल ने एमबीबीएस की पढ़ाई भी जबलपुर से की थी और कुछ ही महीनों में उनका पीजी कोर्स पूरा होने वाला था।

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एमजीएम मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने डॉ. अमन पटेल को शांत, होनहार और समर्पित छात्र बताते हुए उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। घटना के बाद कॉलेज और चिकित्सा जगत में शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story