इंदौर की कृष्ण बाग कॉलोनी में बुलडोजर कार्रवाई का विरोध, प्रभावित परिवारों के से मिले जीतू पटवारी

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर की कृष्ण बाग कॉलोनी में बुलडोजर कार्रवाई का विरोध, प्रभावित परिवारों के से मिले जीतू पटवारी


इंदौर, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर की कृष्ण बाग कॉलोनी में मकानों पर हुई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर राजनीतिक विरोध तेज हो गया है। मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचे। उन्होंने परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और कानूनी लड़ाई में सहयोग का भरोसा दिलाया। पटवारी ने घोषणा की कि कांग्रेस प्रभावित परिवारों की ओर से सुप्रीम कोर्ट तक कानूनी लड़ाई लड़ेगी और इसका पूरा खर्च पार्टी उठाएगी।

उन्होंने शहर कांग्रेस के नेताओं को इस मामले में जल्द कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने की तैयारी करने के निर्देश भी दिए। कांग्रेस ने कार्रवाई को लेकर प्रशासन और सरकार की जवाबदेही पर सवाल उठाए हैं। जीतू पटवारी ने कहा कि कृष्ण बाग कॉलोनी में 40 से 60 मकानों पर हुई कार्रवाई से कई परिवारों का आशियाना प्रभावित हुआ है। उनके मुताबिक, प्रभावित लोगों ने करीब 13 साल पहले 8.5 लाख रुपए देकर मकानों की रजिस्ट्री कराई थी। इसके बाद अपनी जीवनभर की कमाई लगाकर घर बनाए थे।

उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों में मजदूरी और टेलरिंग करने वाले लोगों के साथ ऐसे परिवार भी हैं, जिन्होंने घरों में काम करके और छोटी-छोटी बचत से अपना मकान बनाया। अब इन परिवारों के सामने रहने और भविष्य की चिंता खड़ी हो गई है। पटवारी ने सवाल उठाया कि यदि कॉलोनी अवैध थी तो उसके विकसित होने के दौरान जिम्मेदार अधिकारी और अन्य संबंधित लोग क्या कर रहे थे? उस समय कार्रवाई क्यों नहीं की गई और कॉलोनी विकसित करने वालों की जवाबदेही तय क्यों नहीं की जा रही है?

सरकार और प्रशासन की भूमिका पर उठाए सवाल

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भू-माफियाओं के प्रभाव में सरकारी व्यवस्था काम कर रही है। उन्होंने कहा कि उनका आरोप केवल राजनीतिक विरोध के आधार पर नहीं है, बल्कि इस पूरे मामले में तथ्यों और जिम्मेदारियों की जांच होनी चाहिए। पटवारी ने कहा कि जिन लोगों ने वर्षों पहले मकानों की रजिस्ट्री कराई और वहां अपने परिवार बसाए, उनके सामने अब घर छिनने की स्थिति है। ऐसे में केवल मकानों पर कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है। यह भी देखना जरूरी है कि कॉलोनी विकसित कैसे हुई, लोगों को रजिस्ट्री कैसे मिली और संबंधित विभागों ने उस समय क्या भूमिका निभाई।

भाजपा के जनप्रतिनिधियों और नगर निगम को घेरा

पटवारी ने इंदौर के राजनीतिक नेतृत्व पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शहर के विधायक, सांसद, मंत्री, प्रभारी मंत्री और मुख्यमंत्री भाजपा से हैं। नगर निगम में भी पिछले करीब 25 वर्षों से भाजपा का शासन है। इसके बावजूद शहर में आम लोगों को इस तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों के घरों से जुड़ा मामला केवल प्रशासनिक कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे उनके जीवन और भविष्य पर असर पड़ता है। उन्होंने शहरवासियों से भी इस पूरे मामले में जिम्मेदारों की भूमिका पर सवाल उठाने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782376 Articles

Share this story