इंदौर: जिले में हर्षोल्लास के साथ उत्सवी माहौल में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
- मुख्य समारोह में मंत्री तुलसीराम सिलावट ने किया ध्वजारोहण
इंदौर, 15 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति के जज्बे, जोश और जुनून के साथ उत्सवी माहौल में मनाया गया। चहुंओर अपार उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास दिखाई दिया। पूरा इंदौर तिरंगामय रहा।
इंदौर के महेश गार्ड लाइन स्थित सशस्त्र पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय के मैदान में पूर्ण गरिमा और हर्षोल्लास के साथ आयोजित मुख्य समारोह में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा परेड की सलामी ली। कार्यक्रम में राष्ट्रीय धुन और राष्ट्रभक्ति के गीतों के बीच जवानों ने आकर्षक परेड प्रस्तुत की। जिले के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों, शासकीय कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थाओं में भी ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी रंगारंग प्रस्तुतियां दी गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का एलईडी स्क्रीन पर प्रसारण किया गया।
खुली जीप से किया परेड का निरीक्षण
मुख्य समारोह में मंत्री सिलावट ने खुली जीप में परेड का निरीक्षण किया। समारोह में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजेश कुमार सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा विशेष रूप से उपस्थित थे। समारोह में सशस्त्र बलों ने स्वतंत्रता दिवस अमर रहे के नारों के बीच हर्ष फायर किये। खुले आकाश में रंगीन गुब्बारे छोड़े गये।
20 दलों ने प्रस्तुत की आकर्षक परेड
मुख्य समारोह में विभिन्न विभागों के 20 दलों ने परेड में हिस्सा लिया। इनमें प्रमुख रूप से सीमा सुरक्षा बल, आरएपीटीसी, प्रथम वाहिनी, 15वीं वाहिनी, जिला पुलिस बल(पुरूष), जिला पुलिस बल (महिला), होमगार्ड, यातायात पुलिस, एनसीसी बायज, एनसीसी गर्ल्स, एनसीसी एयर विंग, स्काउट, गाईड, रेडक्रॉस, आरआई ग्रुप, एसपीसी गर्ल्स, सृजन दल, शौर्या दल शामिल रहे। परेड का नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त यश बिजोरिया ने किया। उनका अनुकरण टूआईसी सूबेदार चन्द्रेश मरावी ने किया। समारोह में प्रथम वाहिनी और बीएसएफ का बैंड भी आकर्षण का केन्द्र रहा। समारोह में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का सुमधुर गायन भी हुआ।
बच्चों ने दी देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां
समारोह में देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गई। कार्यक्रम के दौरान शासकीय उत्कृष्ट बाल विनय मंदिर इंदौर, शासकीय मालव कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और मॉर्डन इंटरनेशनल स्कूल इंदौर के विद्यार्थियों ने देश भक्ति तथा लोकगीतों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।
पुरस्कार
परेड में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले दलों को भी पुरस्कृत किया गया। परेड के “अ” वर्ग में प्रथम स्थान बीएसएफ और द्वितीय स्थान आरएपीटीसी को दिया गया। “ब” वर्ग में प्रथम स्थान जिला यातायात पुलिस बल को और द्वितीय स्थान एनसीसी जूनियर के प्लाटून को प्राप्त हुआ। इसी तरह “स” वर्ग में प्रथम बीएसएफ के बैंड और द्वितीय प्रथम वाहिनी के बैंड को दिया गया।
समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले स्कूलों को पुरस्कृत किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में तीनों स्कूलों को विशेष पुरस्कर प्रदान किए गए। समारोह में जिले में वर्षभर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों सहित अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों को मुख्य अतिथि ने पुरस्कृत किया। साथ ही मंत्री तुलसीराम सिलावट ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, उनके परिजनों और लोकतंत्र सेनानियों का भी सम्मान किया।
शासकीय स्कूल के बच्चों को कराया गया विशेष मध्यान्ह भोजन
मंत्री तुलसीराम सिलावट स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में शामिल होने के पश्चात वे शासकीय स्कूल किला मैदान के बच्चों के बीच पहुंचे। यहाँ उन्होंने बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को बेग, कम्पास और अन्य पठन-पाठन सामग्री वितरित की।
इस अवसर पर कलेक्टर शिवम वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष रीना सतीश मालवीय, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजेश कुमार सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार, एमआईसी सदस्य नंदु पहाड़िया, जनपद अध्यक्ष कान्हा पटेल, पार्षद राहुल जायसवाल सहित अन्य अधिकारी भी विशेष रूप से मौजूद थे। बच्चों को आज स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मध्यान्ह भोजन में विशेष रूप से खीर, पूरी, लड्डू, छोले, पुलाव आदि परोसे गए। मंत्री सिलावट और कलेक्टर वर्मा ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी।
मंत्री सिलावट ने कहा कि यह पवित्र दिन हमें अनेक संघर्षों, त्याग, तपस्या और महान बलिदानों के बाद प्राप्त हुआ है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के सभी अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि हमें आजादी का महत्व समझना चाहिए और देश के लिए अपना योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अशासकीय, शासकीय, सार्वजनिक भवनों और कार्यालयों में भी ध्वजारोहण किये गये। कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर शिवम वर्मा ने ध्वजारोहण किया। वहीं, संभागायुक्त भास्कर लक्षकार ने संभागायुक्त कार्यालय सहित इंदौर विकास प्राधिकरण कार्यालय का ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर संभागीय अधिकारी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
उच्च न्यायालय में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमापूर्वक संपन्न
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उच्च न्यायालय खंडपीठ, इंदौर के परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुआ। इसके पश्चात प्रशासनिक न्यायाधिपति न्यायमूर्ति सुबोध अभ्यंकर द्वारा प्रातः 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। तत्पश्चात प्रशासनिक न्यायाधिपति न्यायमूर्ति सुबोध अभ्यंकर द्वारा स्वतंत्रता, शांति एवं राष्ट्रीय एकता के प्रतीक स्वरूप आकाश में गुब्बारे छोड़े गए। समारोह में स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को स्मरण करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं संविधान के प्रति प्रतिबद्धता का संकल्प दोहराया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

