इंदौर: चरित्र शंका में पत्नी की हत्या कर थाने पहुंचा पति, बीच बचाव करने आई बेटी पर भी किया हमला
इंदौर, 27 दिसंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में चरित्र शंका के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी। इस दाैरान बीच बचाव करने आई 14 वर्षीय बेटी पर भी आराेपित ने चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी खुद लसूडिया थाने पहुंचा और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल किया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया। घायल बेटी को इलाज के लिए बॉम्बे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार घटना शनिवार सुबह लसूडिया थाना क्षेत्र के स्कीम नंबर 78 के पास की झुग्गी बस्ती की है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित सिंह ने बताया कि आरोपित संजय चौहान अपनी पत्नी सुमन (36) और 14 साल की बेटी तानी के साथ रहता था। शनिवार की सुबह पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ और इसी दौरान आरोपी पति संजय ने चाकू से पत्नी पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। चीख पुकार सुनकर बेटी तानी बीच बचाव करने आई तो आरोपी ने उस पर भी हमला किया। जिससे बेटी को चोटें आई हैं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और अपना जुर्म कबूल किया। उसने पुलिस से कहा कि “मैंने अपनी बीवी का मर्डर कर दिया है।” जिसके बाद पुलिस ने तुरंत ही उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी और उसकी पत्नी के बीच पहले भी कई बार विवाद हुआ था। शिकायत मिलने पर आरोपी के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई कर उसे जेल भेजा जा चुका था। जेल से लौटने के बाद भी दोनों के बीच झगड़े जारी रहे। शनिवार को भी विवाद हुआ और आरोपी ने पत्नी की हत्या कर बेटी को घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पत्नी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस को ये भी पता चला है कि आरोपी और मृतका दोनों की ये दूसरी शादी थी। अविश्वास के कारण दोनों के बीच अक्सर तनाव बना रहता था। आरोपी मजदूरी का काम करता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

