इंदौर में चलती आई-20 कार में लगी भीषण आग, बोनट से धुआं निकलते ही चालक ने कूदकर बचाई जान

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में चलती आई-20 कार में लगी भीषण आग, बोनट से धुआं निकलते ही चालक ने कूदकर बचाई जान


इंदौर, 18 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर के भंवरकुआ थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक चलती आई-20 कार में अचानक आग लगने से फ्लाईओवर पर अफरा-तफरी मच गई। घटना अटल बिहारी कॉलेज के समीप स्थित फ्लाईओवर पर हुई, जहां कार के बोनट से धुआं निकलते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन रोक दिया और सुरक्षित बाहर निकल गया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी कार लपटों में घिर गई।

जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब 12:30 बजे की है। कार मालिक धर्मेंद्र गोयल अपनी आई-20 कार से फ्लाईओवर से गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक वाहन के बोनट से धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तत्काल कार सड़क किनारे रोकी और बाहर निकल आए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन से धुआं निकलने के कुछ ही मिनट बाद आग भड़क उठी। देखते ही देखते कार के अगले हिस्से से उठी लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। फ्लाईओवर पर चलते वाहनों के बीच आग का यह नजारा देखकर लोगों में हड़कंप मच गया। कई वाहन चालक सुरक्षा के मद्देनजर अपने वाहन रोककर दूर खड़े हो गए।

दमकल और पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम और भंवरकुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का अभियान शुरू किया। हालांकि टीम के पहुंचने तक कार का बड़ा हिस्सा जल चुका था। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया और स्थिति को नियंत्रित किया गया।

यातायात प्रभावित, लगा जाम

सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने फ्लाईओवर के एक हिस्से पर कुछ समय के लिए यातायात रोक दिया। इससे क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतार लग गई और हल्का जाम की स्थिति बन गई। आग बुझने और वाहन हटाए जाने के बाद यातायात को पुनः सुचारु किया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण वाहन में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story