इंदौर में चाइनीज दुकान में भीषण आग, तीन दुकानें जलकर खाक, शॉर्ट सर्किट की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में चाइनीज दुकान में भीषण आग, तीन दुकानें जलकर खाक, शॉर्ट सर्किट की आशंका


दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

इंदौर, 28 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र स्थित नंदानगर में गुरुवार शाम एक चाइनीज दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते आसपास की दो अन्य दुकानें भी इसकी चपेट में आ गईं। घटना के दौरान दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देता रहा, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार घटना नंदानगर की गली नंबर- 1 स्थित मजदूर चौक के पास हुई। स्थानीय लोगों ने सबसे पहले दुकान से धुआं और लपटें उठती देख आग बुझाने का प्रयास किया। आसपास मौजूद लोगों ने पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। हालांकि तब तक आग की चपेट में आकर पास का मेडिकल स्टोर और एक अन्य दुकान पूरी तरह जल चुकी थी।

स्थानीय व्यापारी धीरज शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। उनके अनुसार पास में स्थित बोर्ड बनाने वाली दुकान में अचानक आग लगी, जिसने कुछ ही देर में आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के दौरान स्थानीय पार्षद मुन्नालाल यादव ने नगर निगम के टैंकर मौके पर भिजवाकर राहत कार्य में सहयोग किया। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दमकल कर्मियों को शुरुआती तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बताया गया कि मोटर चालू करने के लिए जरूरी पार्ट साथ नहीं होने के कारण कुछ देर तक आग बुझाने का काम प्रभावित रहा। बाद में दूसरा पार्ट मंगवाकर मोटर शुरू की गई। हालांकि इस हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन आग से लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story