इंदौर: नीट पेपर लीक समेत 23 सूत्रीय मांगों को लेकर छात्रों का उग्र प्रदर्शन, रैली निकाल कलेक्ट्रेट पहुंचे, सीजेपी समर्थकों ने भी दिया साथ

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर: नीट पेपर लीक समेत 23 सूत्रीय मांगों को लेकर छात्रों का उग्र प्रदर्शन, रैली निकाल कलेक्ट्रेट पहुंचे, सीजेपी समर्थकों ने भी दिया साथ


इंदौर, 14 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में नीट पेपर लीक मामले सहित 23 सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले 14 दिनों से टंट्याभील चौराहे पर धरना दे रहे छात्रों ने मंगलवार को अपने आंदोलन को और तेज कर दिया। बड़ी संख्या में छात्र रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुख्य गेट के सामने सड़क पर बैठकर जोरदार नारेबाजी व प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि उनकी सभी मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने नीट पेपर लीक के दोषियों पर सख्त कार्रवाई, परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और अन्य 23 सूत्रीय मांगों को तत्काल लागू करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर काफी देर तक नारेबाजी होती रही।

सीजेपी समर्थकों का मिला समर्थन

छात्रों के इस आंदोलन को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का भी समर्थन मिला है। पार्टी के समर्थक इंदौर पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल हुए और छात्रों की मांगों का समर्थन किया। छात्रों का कहना है कि अब आंदोलन को व्यापक स्वरूप दिया जा रहा है, ताकि उनकी आवाज शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके। बताया गया कि सीजेपी के प्रमुख अभिजीत दीपके ने पहले वीडियो कॉल के माध्यम से आंदोलनकारी छात्रों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और आंदोलन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया था।

युवा भी आंदोलन से जुड़े

आंदोलन में सीजेपी समर्थक राहुल राठौर भी मौजूद रहे। उन्होंने छात्रों के प्रदर्शन का समर्थन करते हुए कहा कि युवाओं के मुद्दों को लेकर वे लगातार जागरूकता अभियान चला रहे हैं। राठौर ने बताया कि वे नियमित रूप से बाइक राइड के माध्यम से युवाओं को विभिन्न सामाजिक और शैक्षणिक मुद्दों के प्रति जागरूक करने का कार्य करते हैं। छात्रों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story