इंदौर: सगाई टूटने की रंजिश में युवक ने मंगेतर की मां की गहरी खाई में धक्का देकर की हत्या, 250 फीट गहराई से शव बरामद
महू (इंदौर), 06 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के महू में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सगाई टूटने से नाराज एक युवक ने मंगेतर की मां को मंदिर दर्शन के बहाने ले जाकर गहरी खाई में धक्का दे दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। करीब 200-250 फीट गहरी खाई से शव निकालने के लिए बुधवार सुबह तीन घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार यह घटना मंगलवार शाम बड़गोंदा थाना क्षेत्र के छोटा अमरनाथ इलाके की है। मृतका की पहचान 36 वर्षीय किरण चौबे के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के महोबा की रहने वाली थीं और पीथमपुर की एक कंपनी में कार्यरत थीं। उनके पति अवध बिहारी चौबे एमपीईबी में काम करते हैं। ब्रेन हेमरेज के कारण इन दिनों इंदौर के एमवाय अस्पताल में भर्ती हैं।
सगाई टूटने से था नाराज आरोपी
किरण के बेटे अनुराग चौबे ने पुलिस को बताया कि उनकी बहन की सगाई बगोदा निवासी राहुल अटेरिया (18) से हुई थी। परिवार के विरोध के चलते यह रिश्ता तोड़ दिया गया। शुरुआत में किरण इस रिश्ते के पक्ष में थीं, लेकिन बाद में उन्होंने भी शादी से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर आरोपी युवक नाराज था और बदला लेने की योजना बना रहा था। मंगलवार शाम करीब 5 बजे किरण अपनी बेटी रागिनी के साथ घर से निकली थीं। पीथमपुर के विशाल चौराहे पर राहुल पहले से उनका इंतजार कर रहा था। तीनों वहां से छोटा अमरनाथ पहुंचे। रागिनी पहाड़ी पर ही रुक गई, जबकि राहुल और किरण मंदिर दर्शन के लिए नीचे गए। कुछ देर बाद वह अकेला लौट आया और पहले बहाना बनाकर टालता रहा। बाद में उसने रागिनी को बताया कि उसने उसकी मां को खाई में धक्का दे दिया है।
रात में खुला राज, सुबह चला रेस्क्यू
घटना की जानकारी रात करीब 11 बजे परिजनों को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। बुधवार सुबह से शुरू हुए रेस्क्यू ऑपरेशन में पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला गया। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। एएसपी रूपेश द्विवेदी ने बताया कि बुधवार दोपहर काे पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

