इंदौर: आतिशबाजी के बाद बढ़े प्रदूषण पर पुष्यमित्र भार्गव ने जारी किया वीडियो, बोले- दीपावली की खुशियों को एक्यूआई के आंकड़ों से न आंकें

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर: आतिशबाजी के बाद बढ़े प्रदूषण पर पुष्यमित्र भार्गव ने जारी किया वीडियो, बोले- दीपावली की खुशियों को एक्यूआई के आंकड़ों से न आंकें


इंदौर: आतिशबाजी के बाद बढ़े प्रदूषण पर पुष्यमित्र भार्गव ने जारी किया वीडियो, बोले- दीपावली की खुशियों को एक्यूआई के आंकड़ों से न आंकें


इंदौर, 09 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर में दीपावली पर आतिशबाजी के बाद शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) बढ़ने को लेकर उठ रहे सवालों के बीच महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। सोमवार दोपहर सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की चिंता जरूरी है, लेकिन दीपावली की खुशियों को केवल एक्यूआई के आंकड़ों से नहीं आंकना चाहिए। त्योहार के दौरान आतिशबाजी से एक दिन के लिए वायु गुणवत्ता प्रभावित हुई है, लेकिन इससे इंदौर की स्वच्छता और बेहतर शहर की पहचान पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

महापौर ने वीडियो में कहा कि दीपावली रोशनी, उत्साह और आनंद का पर्व है। इंदौरवासियों ने पूरे उल्लास के साथ त्योहार मनाया। आतिशबाजी के धुएं और वातावरण में नमी के कारण कुछ समय के लिए एक्यूआई में वृद्धि हुई। हालांकि, नगर निगम की टीम ने सफाई मित्रों और वाटर कैनन की मदद से रात में ही शहरभर में सफाई अभियान चलाया, ताकि धूल और धुएं के प्रभाव को कम किया जा सके।

एक दिन के एक्यूआई से नहीं बदलती शहर की पहचान

महापाैर भार्गव ने कहा कि त्योहार मनाने और आतिशबाजी के कारण यदि एक दिन के लिए एक्यूआई बढ़ भी गया तो इससे इंदौर की पहचान प्रभावित नहीं होगी। इंदौर स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार अपनी अलग पहचान बनाए हुए है और एयर क्वालिटी के मामले में भी बेहतर प्रदर्शन की दिशा में आगे बढ़ेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इंदौर आगे भी स्वच्छता और विकास के मामले में नंबर-1 बने रहने का प्रयास जारी रखेगा।

त्योहारों को अलग नजरिए से न देखें

महापौर ने पर्यावरण को लेकर सवाल उठाने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण की चिंता अपनी जगह है, लेकिन सनातन के उत्सवों को अलग नजरिए से देखने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। दीपावली सभी को जोड़ने, खुशियां बांटने और सामूहिक रूप से उत्सव मनाने का पर्व है। उन्होंने कहा कि इंदौर पहले भी नंबर-1 था, आज भी है और आगे भी अपनी पहचान कायम रखेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774545 Articles

Share this story