इंदौर में नशामुक्ति मैराथन: क्रिकेटर रजत पाटीदार ने युवाओं को दिया संदेश, कहा- 'सपनों को साकार करना है तो नशे से रहें दूर'

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में नशामुक्ति मैराथन: क्रिकेटर रजत पाटीदार ने युवाओं को दिया संदेश, कहा- 'सपनों को साकार करना है तो नशे से रहें दूर'


इंदौर, 26 जुलाई (हि.स.)। इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा रविवार सुबह नेहरू स्टेडियम से नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान के तहत भव्य नशामुक्ति जागरूकता मैराथन का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी बढ़ाना रहा।

मैराथन को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। भारतीय क्रिकेटर रजत पाटीदार की मौजूदगी ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने मैराथन में भाग लेकर नशे के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संदेशों वाली तख्तियां थामे और नारे लगाते हुए लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की। पूरे आयोजन के दौरान नशामुक्त इंदौर, नशामुक्त भारत का संदेश गूंजता रहा।

इस अवसर पर क्रिकेटर रजत पाटीदार ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि जीवन में अपने सपनों को साकार करना है और सफलता हासिल करनी है, तो नशे से दूर रहना बेहद जरूरी है। नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, भविष्य और सपनों को बर्बाद कर देता है, जबकि मेहनत, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली ही सफलता की असली पहचान है। उन्होंने युवाओं से खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़कर अपने लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया।

इंदौर पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि नशे से दूरी है ज़रूरी अभियान के तहत शहरभर में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उनका कहना था कि नशे के खिलाफ लड़ाई तभी सफल होगी, जब समाज का हर वर्ग इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएगा। मैराथन के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त इंदौर और नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प दोहराया तथा समाज से नशे के खिलाफ एकजुट होकर अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story