इंदौरः जलसंकट को लेकर सड़कों पर उतरी कांग्रेस, खाली मटके लेकर राजवाड़ा पर प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः जलसंकट को लेकर सड़कों पर उतरी कांग्रेस, खाली मटके लेकर राजवाड़ा पर प्रदर्शन


इंदौरः जलसंकट को लेकर सड़कों पर उतरी कांग्रेस, खाली मटके लेकर राजवाड़ा पर प्रदर्शन


इंदौरः जलसंकट को लेकर सड़कों पर उतरी कांग्रेस, खाली मटके लेकर राजवाड़ा पर प्रदर्शन


इंदौर, 26 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में जलसंकट के बिगड़े हालातों के बीच राजनीति भी गरमा गई है। मंगलवार को कांग्रेस ने इस मुद्दे पर राजवाड़ा पर बड़ा प्रदर्शन किया। इसमें खुद प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी शामिल हुए। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

धरने में पहुंचे पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा ने महापौर पर जमकर निशाना साधते हुए उन्हें “ऐक्सिडेंटल महापौर” बताया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महापौर मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। कांग्रेस का आरोप है कि शहर में लगातार गहराते जल संकट से आम जनता परेशान है। कई कॉलोनियों, बस्तियों और मोहल्लों में लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा। टैंकरों से भी जरूरत पूरी नहीं हो रही और लोगों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है।

धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं। महिलाएं हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर राजबाड़ा पहुंचीं और पानी की समस्या को लेकर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने नगर निगम और महापौर के खिलाफ नारेबाजी भी की।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष और नगर निगम नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने बताया कि जल संकट और नगर निगम की लापरवाही के खिलाफ यह बड़ा आंदोलन किया जा रहा है। कांग्रेस महापौर के इस्तीफे की मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि पूरे शहर में पानी को लेकर त्राहिमाम मचा हुआ है, लेकिन नगर निगम और महापौर समस्या के समाधान में विफल रहे हैं।

प्रदर्शन के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने संबोधित करते हुए कहा कि जनता ने इंदौर से एक भी कांग्रेस का विधायक नहीं दिया। इंदौर विपक्ष विहीन है। भाजपा को जनता से कोई लेना-देना नहीं है। कांग्रेस फिर भी विपक्ष की भूमिका इंदौर में निभा रही है। इंदौरवासियों को अगले विधानसभा चुनाव में भाजपा को सबक सिखाना होगा।

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल ने कहा कि इंदौर से सफाई में नाम कमाया, लेकिन पानी को लेकर शर्मिंदा होना पड़ रहा है। पहले भागीरथपुरा में दूषित पानी के कारण मौतें हुई और अब लोगों को पीने का पानी नहीं मिल रहा है।

धरने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता रैली के रूप में निगम मुख्यालय तक खाली मटके लेकर पहुंचे और गेट के सामने फोड़ कर विरोध जताया। प्रदर्शन को देखते हुए मुख्यालय पर पुलिस बल भी तैनात था। कांग्रेस कार्यकर्ता महापौर पानी दो, पानी नहीं दे सकते तो इस्तीफा दो के नारे लगाए। प्रदर्शन में पूर्व मंत्री बाला बच्चन, महिला प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी, शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे, कांग्रेस नेता राजेश चौकसे, अमित चौरसिया सहित अन्य नेता मौजूद थे। प्रदर्शन के बाद अफसरों को ज्ञापन भी दिया गया।

प्रदर्शन के लिए कांग्रेस ने राजवाड़ा को चुना। इस कारण मध्य क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ गई। एमजी रोड, कृष्णपुरा ब्रिज पर वाहनों की कतार लग गई। लोग ट्रैफिक से बचने के लिए गलियों में वाहन ले जाने लगे, लेकिन उन्हें वहां भी ट्रैफिक जाम मिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story