इंदौर में कांग्रेस का प्रदर्शन, सीईसी के इस्तीफे की मांग, हरसिद्धि चौराहे से कलेक्टर कार्यालय तक निकाली रैली

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में कांग्रेस का प्रदर्शन, सीईसी के इस्तीफे की मांग, हरसिद्धि चौराहे से कलेक्टर कार्यालय तक निकाली रैली


इंदौर, 30 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में बुधवार को कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता हरसिद्धि चौराहे पर एकत्र हुए। यहां से जुलूस के रूप में कलेक्टर कार्यालय की ओर रवाना हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग की गई।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के नाम पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसी मुद्दे को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रही है। कांग्रेस ने SIR प्रक्रिया को लेकर पारदर्शिता, मतदाता सूची में बदलाव की जानकारी सार्वजनिक करने और जिन मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, उन्हें जानकारी व अपील का अवसर देने की मांग भी उठाई है। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति ने 29 सितंबर को सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR को स्थगित करने की मांग की थी।

चुनाव आयोग में निर्णयों के केंद्रीकरण का आरोप

चौकसे ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग में निर्णय लेने की प्रक्रिया का केंद्रीकरण किया गया है। उन्होंने हाल में सामने आई उन रिपोर्टों का भी हवाला दिया, जिनमें चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की ओर से कुछ निर्णयों पर आपत्ति जताए जाने की बात कही गई है।हालांकि, चुनाव आयोग ने इन मतभेदों की व्याख्या को खारिज करते हुए कहा है कि SIR से जुड़े निर्णय आयोग द्वारा सर्वसम्मति से लिए गए हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी आगे भी आंदोलन जारी रखेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story