इंदौर में कांग्रेस की संगठनात्मक बैठकों का दौर जारी, बूथ स्तर तक मजबूती का संकल्प, भाजपा सरकार पर तीखा हमला

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में कांग्रेस की संगठनात्मक बैठकों का दौर जारी, बूथ स्तर तक मजबूती का संकल्प, भाजपा सरकार पर तीखा हमला


भाेपाल, 24 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर के गांधी भवन में मंगलवार काे मध्य प्रदेश कांग्रेस की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकें आयोजित की गईं, जिनमें संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर व्यापक मंथन हुआ। बैठक में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही इंदौर जिला कांग्रेस (ग्रामीण) के मंडलम अध्यक्षों की अलग से बैठक भी आयोजित की गई।

बैठकों में संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि कांग्रेस अब बूथ स्तर तक अपनी पकड़ मजबूत करने पर पूरा जोर देगी।

कार्यक्रम में महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी, AICC सचिव सत्यनारायण पटेल, इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे और इंदौर ग्रामीण अध्यक्ष विपिन वानखेड़े सहित कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए हरीश चौधरी ने संगठन की मजबूती को जीत की कुंजी बताते हुए कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने भाजपा सरकार पर जनविरोधी नीतियों का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता की आवाज बनें और एकजुट होकर संघर्ष करें। उन्होंने जोर दिया कि संगठन की असली ताकत बूथ स्तर पर होती है, इसलिए हर कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।

वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अपने संबोधन में इंदौर में जहरीले पानी से हुई 35 लोगों की मौत का मुद्दा उठाते हुए भाजपा सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद जिम्मेदारों पर कार्रवाई न होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने ऐलान किया कि वर्ष 2028 में कांग्रेस की सरकार बनने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जाएगा।

पटवारी ने भाजपा सरकार पर हमला जारी रखते हुए कहा कि जिसने इंदौर की जनता को जहरीला पानी दिया, उसे सत्ता में रहने का कोई हक नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस इंदौर को एक जवाबदेह, पारदर्शी और जनहितैषी नगर प्रशासन देने के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठकों में यह भी तय किया गया कि संगठनात्मक फैसले अब जमीनी स्तर से लिए जाएंगे और मंडल से लेकर बूथ स्तर तक संरचना को मजबूत किया जाएगा, ताकि कांग्रेस एक सशक्त और जनआधारित संगठन के रूप में उभर सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story