इंदौर में चलती कार में लगी आग, अंदर फंसा चालक 60 प्रतिशत झुलसा, ट्रैफिक पुलिस ने कांच तोड़कर बाहर निकाला

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में चलती कार में लगी आग, अंदर फंसा चालक 60 प्रतिशत झुलसा, ट्रैफिक पुलिस ने कांच तोड़कर बाहर निकाला


इंदौर, 12 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में चोइथराम चौराहे पर शनिवार दोपहर चलती कार में अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद कार के गेट लॉक हो गए और चालक अंदर ही फंस गया। देखते ही देखते आग की चपेट में आने से चालक झुलस गया। मौके पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने कार का कांच तोड़कर उसे बाहर निकाला।

गंभीर हालत को देखते हुए पुलिसकर्मी घायल चालक को लोडिंग वाहन में लेकर निजी अस्पताल पहुंचे। रास्ते में उसकी हालत बिगड़ने पर पुलिसकर्मियों ने सीपीआर भी दिया। डॉक्टरों की प्रारंभिक जांच के अनुसार चालक करीब 60 प्रतिशत झुलसा है। फिलहाल उसका इलाज जारी है।

गेट नहीं खुले तो कांच तोड़कर निकाला

घटना शनिवार दोपहर की है। चोइथराम चौराहे पर ट्रैफिक थाना जोन-4 के टीआई सुमित बिलोनिया अपनी टीम के साथ यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। इसी दौरान एक कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई और चालक अंदर फंस गया। स्थिति की गंभीरता देखते हुए टीआई बिलोनिया ने आरक्षक विजय, प्रधान आरक्षक कमल और एएसआई जेपी तिवारी के साथ चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया। कार के गेट नहीं खुलने पर पुलिसकर्मियों ने कांच तोड़कर चालक को बाहर निकाला।

लोडिंग वाहन में सीपीआर देते हुए अस्पताल पहुंचाया

चालक की हालत गंभीर होने पर पुलिसकर्मियों ने एंबुलेंस का इंतजार किए बिना उसे लोडिंग वाहन से अस्पताल पहुंचाने का निर्णय लिया। रास्ते में उसकी स्थिति बिगड़ने पर पुलिसकर्मियों ने सीपीआर दिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया। घायल की पहचान रुपेश पिता दुलीचंद यादव, निवासी गायत्री नगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह करीब 60 प्रतिशत झुलसा है और उसका उपचार जारी है।

शॉर्ट सर्किट की आशंका

टीआई सुमित बिलोनिया के मुताबिक कार पुरानी थी। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका है। हालांकि आग के वास्तविक कारण का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। आग लगने के बाद चौराहे पर कुछ देर यातायात भी प्रभावित हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story