इंदौर में आज भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समेत दिग्गज नेता होंगे शामिल

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में आज भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समेत दिग्गज नेता होंगे शामिल


सुभाष नगर से पाटनीपुरा तक निकलेगी यात्रा, एक लाख लोगों के जुटने की संभावना

इंदौर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में शुक्रवार को भाजपा अपनी ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के जरिए बड़ा राजनीतिक और सामाजिक शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है। सुबह 10 बजे सुभाष नगर चौराहे से शुरू होकर पाटनीपुरा चौराहे तक पहुंचने वाली इस पदयात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री मनसुखभाई मांडविया, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

उल्लेखनीय है कि इस संबंध में भाजपा की ओर से बताया गया है कि एक लाख लोगों की भागीदारी की जाएगी। यात्रा के जरिए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर विपक्ष के आरोपों और उसके नैरेटिव का जवाब देने की रणनीति बनाई गई है। भाजपा ने इंदौर में अपनी इस पदयात्रा को व्यापक जनसंपर्क अभियान का स्वरूप दिया है। पार्टी की कोशिश इसे संगठन के कार्यक्रम से आगे बढ़ाकर सामाजिक संगठनों, व्यापारिक समुदाय, युवाओं और विभिन्न वर्गों की भागीदारी वाला आयोजन बनाने की है।

विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-2 से निकलने वाली इस यात्रा के लिए पिछले कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। पार्टी नेताओं और आयोजकों ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में बैठकें कर लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की है। भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा और अभियान के नगर संयोजक सुधीर कोल्हे के मुताबिक, पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री मनसुखभाई मांडविया, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और तुलसीराम सिलावट शामिल होंगे। पद्मश्री से सम्मानित कबीरपंथी गायक भैरोंसिंह चौहान की मौजूदगी भी आयोजन का हिस्सा होगी।

इसके अलावा प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं संभाग प्रभारी रणवीर सिंह रावत, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित प्रदेश पदाधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि भी पदयात्रा में शामिल होंगे।

250 सामाजिक संगठनों से संपर्क, व्यापक भागीदारी की तैयारी

पदयात्रा को व्यापक जनसमर्थन दिलाने के लिए भाजपा ने शहर में संगठनात्मक स्तर पर बैठकों का सिलसिला चलाया। करीब 250 सामाजिक संगठनों के साथ बैठकें की गई हैं। विभिन्न समाजों, एनजीओ, शैक्षणिक संस्थानों, खेल संगठनों, व्यापारियों, उद्योगपतियों और व्यापारिक एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों से भी संपर्क साधा गया है। पार्टी का प्रयास है कि आयोजन में राजनीतिक कार्यकर्ताओं के साथ समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी भी दिखाई दे।

पदयात्रा में शामिल होने वाले लोग हाथों में तख्तियां लेकर चलेंगे। इनके माध्यम से संवैधानिक संस्थाओं के प्रति विश्वास, लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती और मतदाता सूची की शुद्धता का संदेश दिया जाएगा। भाजपा का आरोप है कि विपक्ष एसआईआर प्रक्रिया को लेकर भ्रामक जानकारी और भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है। पदयात्रा के जरिए पार्टी इसी राजनीतिक नैरेटिव का जवाब जनता के बीच रखने की तैयारी में है।

पाटनीपुरा में सभा के साथ होगा समापन

सुभाष नगर चौराहे से प्रारंभ होने वाली पदयात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पाटनीपुरा चौराहे पहुंचेगी। यहां जनसभा आयोजित की जाएगी। वरिष्ठ नेताओं के संबोधन के बाद कार्यक्रम का समापन होगा। इस दौरान एसआईआर प्रक्रिया, लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता और मतदाता सूची के पुनरीक्षण से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाने की बात कही गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769124 Articles

Share this story