इंदौर में बाइक सवार युवक की टैंकर से कुचलकर मौत, स्पीड ब्रेकर पर संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा
इंदौर, 03 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसा हाे गया। यहां संतुलन बिगड़ने से के बाद बाइक से गिर कर एक युवक पानी के टैंकर की चपेट में आ गया। टैंकर का पहिया युवक के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसके टुकड़े टुकड़े हाे गए। युवक की माैक पर ही माैत हाे गई। घटना इतनी विभत्स थी कि सड़क पर बिखरे अवशेषों को बाद में हाथों से समेटना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, दो युवक काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में स्पीड ब्रेकर पर अचानक संतुलन बिगड़ने से दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रहा एक पानी का टैंकर अनियंत्रित स्थिति में पड़े युवक के ऊपर से गुजर गया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक को बचाया नहीं जा सका। मृतक की पहचान विजय ठाकुर (25), निवासी ग्राम लोहारी (जिला धार) और वर्तमान में मूसाखेड़ी निवासी के रूप में हुई है।
उसके साथ बाइक पर उसका साथी रविंद्र ठाकुर भी मौजूद था, जो हादसे में बच गया।
हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। बिचौली मर्दाना क्षेत्र में हुए इस हादसे की जांच की जा रही है। पुलिस चालक की तलाश में जुटी है। घटना के बाद मौके पर मौजूद सामाजिक कार्यकर्ता अजय नागदा ने पुलिस की मदद करते हुए शव को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। उन्होंने परिस्थितियों के बीच संवेदनशीलता दिखाते हुए आवश्यक सहयोग किया।
नशे की आशंका, जांच जारी
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि दोनों युवक नशे की हालत में हो सकते हैं, जिससे बाइक पर नियंत्रण बिगड़ा। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच और रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

